सवाई माधोपुर की मानटाउन थाना पुलिस ने एक MMDR एक्ट के फरार आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी नेनूराम (25) पुत्र रूपनारायण गुर्जर निवासी त्रिलोकपुरा थाना चौथ का बरवाड़ा काे गिरफ्तार किया है। मानटाउन थानाधिकारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि 11 मार्च काे हेड कॉन्स्टेबल राकेश कुमार ने गश्त के दौरान अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए थे। जिसकी रिपोर्ट थाने में पेश की गई। जिसमें हेड कॉन्स्टेबल राकेश कुमार ने बताया कि वह सरकारी बोलेरो से थाना क्षेत्र में गश्त कर रहा था। तभी मुखबिर सूचना पर बाल मन्दिर कॉलोनी पर पहुंचा। जहां पर अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रीजनल स्कूल के पास की तरफ जाता हुआ दिखाई दिया। जिसका ड्राइवर पुलिस वर्दी में जाब्ते काे देखकर ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग गया। जिसे पुलिस जाब्ते ने पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। मामले की जांच हेड कॉन्स्टेबल अजीत को सौंपी गई। जांच के बाद हेड कॉन्स्टेबल अजीत सिंह ने आरोपी ड्राइवर नेनूराम गुर्जर को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी गुप्ता ने बताया कि आगामी समय में भी थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम को लेकर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।


