अलवर में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली द्वारा राम मंदिर में की गई पूजा को लेकर बीजेपी के पूर्व विधायक ज्ञानदेव आहूजा के विवादित बयान से सियासी माहौल गरम हो गया है। करौली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट के सामने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आहूजा का पुतला दहन किया और बीजेपी के खिलाफ नारेबाजी की। करौली कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवराज मीना और पीसीसी सचिव भूपेंद्र भारद्वाज ने कहा कि भगवान जाति और धर्म नहीं देखते। उन्होंने कहा कि जूली ने श्रद्धा से राम मंदिर में पूजा की थी। मंदिर को गंगाजल से शुद्ध करने की बात कहकर आहूजा ने पूरे दलित समाज की आस्था का अपमान किया है। कांग्रेस नेताओं ने बीजेपी पर बाबा साहेब अंबेडकर के संविधान और सामाजिक समरसता के मूल्यों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया। उन्होंने आहूजा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और सार्वजनिक माफी की मांग की। इस बीच, बीजेपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए ज्ञानदेव आहूजा को तीन साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया है। पार्टी ने उनसे विवादित बयान पर स्पष्टीकरण भी मांगा है। कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर भाजपा को घेरने की रणनीति बना रही है।


