बारां में रसद विभाग की टीम ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने दो अलग-अलग स्थानों से कुल 10 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। जिला रसद अधिकारी अनिल कुमार चौधरी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। विभाग की टीम ने कोटा रोड स्थित जोनल हॉस्पिटल के पास नागर भोजनालय एवं रेस्टोरेंट से 4 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। इसके अलावा झालावाड़ रोड स्थित असलम कार पॉइंट से 6 घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए। प्रवर्तन अधिकारी देवाराम सारण, प्रवर्तन निरीक्षक संतोष मीणा, रविन्द्र मील, धीरज कुमार मीणा और रविन्द्र मीणा की टीम ने यह कार्रवाई की। एलपीजी वितरण आपूर्ति विनियमन आदेश 2000 के नियम 3 का उल्लंघन पाए जाने पर सभी सिलेंडर नजदीकी गैस एजेंसी को सौंप दिए गए हैं। विभाग ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। यह कार्रवाई खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग, जयपुर के 10 और 19 सितंबर 2024 के आदेश के तहत की गई है।


