मासूम से दरिंदगी के खिलाफ प्रदेशभर में प्रदर्शन:मुंह पर काली पट्टी बांधकर कांग्रेसियों ने जताया विरोध, सरकार का फूंका पुतला

दुर्ग जिले में 6 साल की मासूम बच्ची से रेप और हत्या की वारदात ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस जघन्य घटना के खिलाफ कांग्रेसियों ने मंगलवार को रायपुर के गांधी मैदान में उग्र प्रदर्शन किया।जिला कांग्रेस कार्यालय के सामने सरकार का पुतला फूंका गया और मौन प्रदर्शन कर सरकार की नाकामी के खिलाफ नाराजगी जताई गई। प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए गृहमंत्री विजय शर्मा से इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा सरकार के सत्ता में आने के बाद से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। भाजपा राज में न तो महिलाएं सुरक्षित हैं और न ही बच्चे- कांग्रेस इस विरोध प्रदर्शन में जिला और शहर कांग्रेस कमेटियों ने संयुक्त रूप से भाग लिया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष गिरीश दुबे ने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में लगातार गंभीर आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन भाजपा सरकार महज तमाशबीन बनी हुई है। दुर्ग में मासूम बच्ची के साथ जो हुआ, वह बेहद शर्मनाक और अमानवीय है। भाजपा राज में न तो महिलाएं सुरक्षित हैं और न ही बच्चे। गिरीश दुबे ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी की गिरफ्तारी और कार्रवाई को लेकर पुलिस की भूमिका भी बेहद धीमी और लापरवाह रही है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच हल्की झड़प भी हुई, लेकिन कांग्रेसियों ने चकमा देकर पुतला फूंक दिया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने गृहमंत्री विजय शर्मा से तत्काल इस्तीफा देने की मांग की और चेतावनी दी कि यदि कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले समय में प्रदेशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। बच्ची का चाचा ही निकला आरोपी कन्या भोज के लिए घर आई 6 साल की भतीजी को उसके चाचा ने ही रेप कर मार डाला। घर के ग्राउंड फ्लोर पर मासूम की दादी कन्या पूजन कर रही थी। वहीं पहली मंजिल पर आरोपी वारदात को अंजाम दे रहा था। मौत के बाद बच्ची की लाश को कार की डिक्की में छिपाया गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट समेत कई जांच में ये पाया गया कि, बच्ची के सगे चाचा ने ही वारदात को अंजाम दिया है। प्राइवेट पार्ट को सिगरेट से दागने, इलेक्ट्रिक शॉक देने जैसी गंभीर बात भी सामने आई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *