झालावाड़ में आईजी विजिलेंस प्रफुल्ल कुमार ने पुलिस लाइन, एसपी कार्यालय समेत अन्य पुलिस शाखाओं का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद अपराध को लेकर आयोजित बैठक में नए कानून की शत-प्रतिशत पालना पर जोर दिया। आईजी कुमार ने अपराध गोष्ठी में नए कानून की शत-प्रतिशत पालना पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नए कानून में कई नई व्यवस्थाएं सामने आई हैं। इनमें अपराध से जुड़ी संपत्ति को चिह्नित कर जब्त करना शामिल है। झालावाड़ पुलिस ने ऐसे पांच मामले पहले ही चिह्नित कर लिए हैं। निरीक्षण के दौरान जिले में एनडीपीएस और अवैध हथियारों के मामलों में वृद्धि की जानकारी सामने आई। हालांकि, महिलाओं के खिलाफ अपराध में कमी आई है। आईजी ने पुराने वाहनों की नीलामी प्रक्रिया को लेकर भी निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी ऋचा तोमर और एडिशनल एसपी चिरंजी लाल मीणा भी उपस्थित रहे। आईजी ने कहा कि जिले के समग्र हालात संतोषजनक हैं। उन्होंने कुछ विशेष अपराधिक घटनाओं को लेकर स्थानीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।


