दिल्ली-अजमेर हाईवे पर नांगल पुलिया के पास मंगलवार शाम एक कंटेनर नीचे सर्विस रोड पर आ गिरा। सर्विस रोड व पुलिया के बीच फंसे कंटेनर के केबिन से घायल ड्राइवर-खलासी को बाहर निकाला गया। एक्सीडेंट थाना (वेस्ट) पुलिस ने घायल ड्राइवर-खलासी को प्राथमिक इलाज के लिए हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। पुलिस ने क्रेन की मदद से कंटेनर को सर्विस रोड से हटवाकर बाधित ट्रेफिक को चालू करवाया। बाइक सवार को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा एएसआई फूलचंद ने बताया- मुम्बई से नई कारें लेकर एक कंटेनर गुडगांव जा रहा था। दिल्ली-अजमेर हाईवे पुलिया के ऊपर से शाम करीब 4:15 बजे कंटेनर जा रहा था। इस दौरान आगे चल रहे बाइक सवार को बचाने के चलते कंटेनर बेकाबू हो गया। नांगल पुलिया के पास दीवार तोड़कर कंटेनर नीचे सर्विस रोड पर आ गिरा। हादसे के दौरान वह सर्विस रोड पर पुलिया के नीचे में फंस गया। डेढ़ घंटे रुका रहा ट्रैफिक उसका केबिन नीचे सर्विस रोड पर ओर कंटेनर का आखिरी हिस्सा पुलिया पर टिक गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। लोगों ने केबिन से घायल ड्राइवर धर्मेंद्र व खलासी को बाहर निकाला। जिन्हें SMS हॉस्पिटल में प्राथमिक इलाज के लिए भिजवाया गया। एक्सीडेंट थाना पुलिस सूचना पर मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत कर कंटेनर को सर्विस रोड किनारे खड़ा करवाकर बाधित ट्रैफिक को चालू करवाया।


