महावीर जयंती पर जयपुर में निकलेगी शोभायात्रा:श्री जी रथ में विराजमान होकर करेगें नगर भ्रमण,जैन संतों के सानिध्य में रामलीला मैदान में होगी धर्म सभा

भगवान महावीर का 2624 वां जन्म कल्याणक महोत्सव गुरुवार को भक्ति भाव से मनाया जाएगा। इस मौके पर शहर में राजस्थान जैन सभा जयपुर के तत्वावधान में मुख्य आयोजन होगा। सभा के अध्यक्ष सुभाष चन्द जैन व महामंत्री मनीष बैद ने बताया कि राजस्थान जैन सभा जयपुर के तत्वावधान में गुरुवार को सुबह 9.30 बजे से रामलीला मैदान में उपाध्याय ऊर्जयन्त सागर महाराज के सानिध्य में धर्म सभा होगी। महावीर जयंती समारोह के मुख्य समन्वयक अशोक जैन नेता ने बताया कि इस मौके पर झण्डारोहण, मंगलाचरण, दीप प्रज्वलन सहित सभा द्वारा प्रकाशित महावीर जयंती स्मारिका के 60 वें अंक का प्रबंध सम्पादक यश कमल अजमेरा के निर्देशन में विमोचन किया जाएगा। धर्म सभा में संतों के मंगल प्रवचन होंगे।श्री जी के अभिषेक होंगे। कार्यक्रम में समाज बन्धुओं का सामूहिक वात्सल्य सहभोज रखा गया। महावीर जयंती समारोह के समन्वयक मुकेश सोगानी एवं मुख्य संयोजक विनोद जैन कोटखावदा ने बताया कि इससे पूर्व सुबह 7.00 बजे मनिहारों का रास्ता स्थित महावीर पार्क से मुख्य समन्वयक भानू छाबड़ा एवं मुख्य संयोजक अनिल छाबड़ा के निर्देशन में रामलीला मैदान के लिए विशाल शोभा यात्रा निकाली जायेगी। शोभायात्रा में 24 से अधिक ज्ञान वर्धक तथा संदेशात्मक झांकियां शामिल होगी। जिनमें भगवान महावीर के जीवन चरित्र को दर्शाया जावेगा। कई सामाजिक दृश्यों को दर्शाते हुए भी झांकियां सजाई जाएगी। भगवान रथ में विराजमान होकर नगर भ्रमण करेंगे। शोभायात्रा चौडा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, बापू बाजार, न्यू गेट होते हुए प्रातः 9.30 बजे रामलीला मैदान पहुंचकर धर्म सभा में परिवर्तित हो जाएगी। शोभायात्रा मार्ग पर 108 स्वागत द्वार बनाये जाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *