प्रदेश भर के पहलवान पहुंचे कोटा, दंगल कल से:विजयी पहलवान करेंगे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व

राज्य स्तरीय अंडर-20 कुश्ती प्रतियोगिता में खिताब पाने के लिए दंगल कल से शुरू होगा। आयोजन में भाग लेने के लिए प्रदेश भर से महिला और पुरूष पहलवान कोटा पहुंचे। राज्य स्तरीय अंडर-20 कुश्ती प्रतियोगिता कोटा जिला कुश्ती संघ के सचिव हरीश शर्मा ने बताया कि राज्य स्तरीय अंडर-20 कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन गुरुवार शाम 4 बजे राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता करेंगे। नयापुरा स्थित रघुराई एंडो स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस प्रतियोगिता में पुरूष वर्ग में फ्री स्टाइल और ग्रीको रोमन तथा महिलाओं के कुश्ती के मुकाबले होंगे। तीन ही वर्गों में वजन की 10-10 कैटेगरी रखी गई हैं और गुरुवार और शुक्रवार को 15-15 वजन कैटेगरी के फाइनल तक के मुकाबले होंगे। उन्होंने बताया कि विभिन्न वजन कैटेगरी के विजेता पहलवान राष्ट्रीय अंडर-20 कुश्ती प्रतियोगिता में राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस बीच राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता की तैयारियों को बुधवार को अंतिम रूप दिया गया। पहलवानों का कोटा पहुंचने का सिलसिला बुधवार सुबह से ही प्रारंभ हो गया। इनमें अनेक ऐसे पहलवान भी हैं जो राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धाओं में भाग ले चुके हैं। खिलाड़ियों के साथ आए कोच और रेफरियों के लिए क्लिनिकल सैशन भी आयोजित किया गया जिसमें उन्हें प्रतियोगिता में लागू किए गए कुश्ती के नए नियमों की भी जानकारी दी गई। पर्यवेक्षकों ने भी देखी व्यवस्थाएं
प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए अध्यक्ष राजीव दत्ता के निर्देश पर राज्य कुश्ती संघ ने भी उच्च स्तर के तकनीकी अधिकारियों की नियुक्ति की है। राज्य कुश्ती संघ की ओर से नियुक्त किए गए पर्यवेक्षकों ने भी बुधवार को रघुराई एंडो स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का दौरा किया तथा आयोजन समिति के अध्यक्ष और राजस्थान में कुश्ती के वरिष्ठ संरक्षक आईके दत्ता के नेतृत्व में कार्य कर रही पांच समितियों से फीड बैक लिया।
खिलाड़ी मांग सकेंगे डीआरएस
प्रतियोगिता में निष्पक्षता के लिए राज्य कुश्ती संघ ने विशेष इंतजाम किए हैं। आयोजन के दौरान होने वाले सभी मुकाबलों की दो कैमरों से वीडियो रिकॉर्डिंग की जाएगी। मैच के दौरान किसी अंक को यदि पहलवान चैलेंज करता है तो उसी समय रिकॉर्डिंग देख कर एक विशेष टीम रैफरी के निर्णय की समीक्षा करेगी। गर्मी को देखते हुए विशेष इंतजाम
गर्मी के तीखे तेवर देखते हुए आयोजन समिति ने खिलाड़ियों के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। रघुराई एंडो स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में विभिन्न स्थानों पर मिस्ट फेन और बड़ी संख्या में कूलर लगाए जा रहे हैं। प्रतियोगिता के दौरान पूरे समय मेडिकल टीमें और एम्बूलेंस भी तैनात रहेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *