रिम्स परिसर में प्रतिदिन ओपीडी में इलाज के लिए 2000 से 2500 रोगी पहुंचते हैं। अधिकांश रोगी अपनी गाड़ियों से अस्पताल आते हैं। अब सवाल यह उठता है कि गाड़ी कहां पार्क करें। इसके लिए तो प्रबंधन ने किसी तरह की स्थाई व्यवस्था नहीं की है। इसी का फायदा कुछ बाहरी लोग उठा रहे हैं। रिम्स में प्रबंधन की नाक के नीचे सालों से अवैध पार्किंग चला रहे हैं। इतना ही नहीं, ये अवैध पार्किंग वाले गाड़ी खड़ी करने वालों को रिम्स के नाम की पर्ची भी दे रहे हैं। अवैध पार्किंग संचालित कर रहे युवकों ने बाइक के लिए 10 रुपए, टेंपो के लिए 20 रुपए और कार के लिए 30 रुपए का शुल्क तय कर रखा है। अगर रात भर गाड़ी खड़ी करनी है तो दोगुना शुल्क चुकाना पड़ेगा। सीना ठोक कर पैसे वसूलते हैं। जो पर्ची देते हैं उसमें रिम्स पार्किंग लिखा होता है। इससे गाड़ी खड़ी करने वालों को लगता है कि यह रिम्स की अधिकृत पार्किंग है और वे पार्किंग के लिए शुल्क चुका देते हैं। रोज करीब 350 से ज्यादा बाइक, 75 कार और 75 के करीब टेंपो या ई-रिक्शा आदि रिम्स परिसर में पार्क होती हैं। लगभग 7250 रुपए की कमाई रोज होती है और महीने में 2 लाख 17 हजार की उगाही कर रहे हैं। इस तरह साल भर में करीब 26 लाख की अवैध कमाई कर रहे हैं। अनुमानित आंकड़ों से समझिए… अवैध पार्किंग से कमाई का गणित पहले भी पार्किंग को लेकर रहा है विवाद बताते चलें कि करीब चार साल पहले पार्किंग को लेकर विवाद हुआ था। तब भी अवैध रूप से पार्किंग का संचालन कर पैसे वसूले जा रहे थे। एक रुपए का भी मुनाफा रिम्स को नहीं मिल रहा था। प्रबंधन ने बरियातू थाना में शिकायत की थी, जिसके बाद करीब एक माह तक पार्किंग बंद रही, लेकिन पुन: शुरू हो गई। प्रबंधन ने भी माना… परिसर में चल रही अवैध पार्किंग अवैध पार्किंग के मामले में बुधवार को रिम्स प्रबंधन ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए स्वीकार किया है कि रिम्स परिसर में अवैध पार्किंग कर पैसे वसूले जा रहे हैं। रिम्स के पीआरओ डॉ. राजीव रंजन ने कहा कि रिम्स परिसर में किसी भी पार्किंग के लिए वर्तमान में कोई शुल्क नहीं लगता है। पार्किंग पूर्णतः निःशुल्क है। पार्किंग संचालन की व्यवस्था का टेंडर अभी प्रक्रियाधीन है। जो भी व्यक्ति रिम्स के नाम से पार्किंग शुल्क ले रहा है, पूर्णतः अवैध है। आम जन इसकी शिकायत निकटतम गार्ड या प्रबंधन से करें, शिकायत मिलने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थाई पार्किंग की व्यवस्था होनी चाहिए रिम्स प्रबंधन को चाहिए कि वह अपने स्तर से स्थाई पार्किंग की व्यवस्था करे, ताकि रिम्स परिसर से गाड़ियों की चोरी न हो। आए दिन रिम्स परिसर से गाड़ी की चोरी होती है। दो माह पूर्व रिम्स परिसर से बाइक चोरी हुई है।


