लालपुर में बन रही थी नकली विदेशी शराब:उत्पाद विभाग का छापा : सस्ती शराब से तैयार करते थे महंगी ब्रांडेड विदेशी शराब, 2 गिरफ्तार

उत्पाद विभाग की टीम ने लालपुर थाना क्षेत्र में केएम मल्लिक रोड पर एक मकान में छापेमारी कर नकली शराब के धंधे का भंडाफोड़ किया। दो अभियुक्तों को गिरफ्तार भी किया है। उत्पाद की टीम ने बुधवार को केएम मल्लिक रोड में शिव पूजन साहू के मकान में छापेमारी की। उस दौरान उक्त मकान में काफी संख्या में तैयार नकली विदेशी शराब मिली। उत्पाद की टीम ने मकान मालिक शिव पूजन साहू व उदय कुमार राय को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों ने उत्पाद की टीम को बताया कि वे लोग 250 से 300 रुपए बोतल वाली शराब लाते थे, जिसे 800 से 900 रुपए वाली शराब की बोतलों में भर देते थे। महंगी शराब की खाली बोतलों को ये बाहर से मंगाते थे। शराब की बोतलें असली दिखे इसके लिए झारखंड उत्पाद विभाग का होलोग्राम भी उस पर लगाते थे। उत्पाद विभाग का होलोग्राम कहां से लाते थे, चल रही जांच छापेमारी में नकली विदेशी शराब 116.4 लीटर, दूसरे ब्रांड के लेबल 4 रोल, बोतलों के ढक्कन व कॉर्क 2200 पीस समेत उत्पाद विभाग का होलोग्राम 400 पीस जब्त किया गया। सहायक आयुक्त उत्पाद रांची अरुण कुमार मिश्रा ने कहा कि इन लोगों के पास उत्पाद विभाग का होलोग्राम, रैपर कहां से आता था, इसकी जांच की जा रही है। शहर के बीच लालपुर थाना क्षेत्र में जिस तरह से ये धंधा चल रहा था, वह चौंकाने वाला है। क्योंकि लालपुर थाना की पुलिस को भी इसकी भनक नहीं लगी और ये धंधा काफी महीनों से चल रहा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *