गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्डधारी शिक्षक संतोष एआई टूल पर 100वां एडिशन आज करेंगे पूरा

साल 2024 में सबसे लंबे कंप्यूटर प्रोग्रामिंग सेशंस का गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करने वाले कंप्यूटर और एआई क्षेत्र के जाने-माने विशेषज्ञ और संत जेवियर्स स्कूल, डोरंडा के शिक्षक डॉ. संतोष कुमार वर्तमान में एआई जागरूकता पर काम कर रहे हैं। वे हर दिन एक नए एआई टूल पर लाइव सेशन ले रहे हैं। इसमें हजारों विद्यार्थियों व लोगों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की शक्ति को समझने और अपनाने की जानकारी दे रहे हैं। डॉ. संतोष ने कहा कि यह सिर्फ एक तकनीकी यात्रा नहीं है, यह हमारे देश में एआई साक्षरता और डिजिटल कौशल को बढ़ाने का एक सामाजिक अभियान है। मेरा मिशन देश में तकनीक को जन-जन तक पहुंचाना है। सेशन में लोगों ने लाइव जुड़कर नई एआई तकनीकों को सीखा, सवाल पूछे और उन्हें अपने दैनिक जीवन और कार्यों में लागू करने पर चर्चा की। डॉ. संतोष ने कहा कि यह सफर सिर्फ तकनीकी ज्ञान का नहीं, बल्कि भविष्य की ओर बढ़ते आत्मनिर्भर भारत की नींव का भी प्रतीक है। लाइव सेशंस का 100वां एडिशन आज होगा, अतिथि वक्ता कल्पना सोरेन होंगी 1 जनवरी को शुरू किए सेशंस का 100वां एडिशन डॉ. संतोष आज रात 9 बजे पूरा करेंगे। डॉ. संतोष ने दिन-प्रतिदिन लगातार बिना रुके, बिना थके, अपने यूट्यूब चैनल के माध्यम से एआई टूल्स को आम जनता के लिए सरल और सुलभ बनाया। वे आज 100वें लाइव सेशन को एआई महोत्सव के रूप में मनाएंगे। इस अवसर पर टेक एक्सपर्ट और सीनियर एजुकेटर्स शामिल होंगे। जो इन सेशंस के महत्व और एआई के भविष्य में योगदान पर अपने विचार साझा करेंगे। अतिथि वक्ता के तौर पर गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, रांची जेसुएट के प्रोविंशियल सुपीरियर फादर अजीत खेस, एफजेसीसीआई के सदस्य शामिल होंगे। हर व्यक्ति को डिजिटल एआई युग के लिए तैयार करना उद्देश्य डॉ. संतोष ने सेशंस में चैट जीपीटी, वीडियो जेनरेशन टूल पिक्टोरी, क्रिएटिव राइटिंग और आर्ट जेनरेशन के लिए जेन स्पार्क ए-1, डोकस ए-1, हब स्पॉट ब्रिज एआई मार्केटिंग ऑटोमेशन, आर्टिफिशियल विजुअल क्रिएशन, डेटा एनालिसिस और रिपोर्टिंग से संबंधित टूल्स के बारे में बताया। लाइव डेमो के साथ दर्शकों की समस्याओं का समाधान भी किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *