भास्कर न्यूज |लुधियाना जैन समुदाय के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब एक साथ 108 देशों में विश्व स्तरीय नवकार महामंत्र दिवस का आयोजन किया गया। इसी कड़ी में जीतो लुधियाना चैप्टर फाउंडेशन द्वारा लोक पदमा हाल, दरेसी में भव्य कार्यक्रम करवाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विज्ञान भवन से लाइव इस महामंत्र जाप में हिस्सा लिया और 9 संकल्पों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। पीएम ने अपने संबोधन में कहा कि नवकार महामंत्र सिर्फ मंत्र नहीं, यह हमारी आस्था और जीवन का मूल है। करोड़ों पुण्य आत्माओं का एक साथ एक चेतना से जुड़ना अद्भुत क्षण है। नवकार महामंत्र हमें स्वयं पर विश्वास करना सिखाता है। कार्यक्रम की शुरूआत जीतो लुधियाना चैप्टर वाइस चेयरमैन सूर्या पी. नवलखा द्वारा गणमान्यों के स्वागत के साथ हुई। मंच संचालन की जिम्मेदारी सोनिका जैन ने संभाली। दीप प्रज्वलन की रस्म जीतो मेंटर कोमल कुमार जैन, भूषण जैन, मंजू ओसवाल, सिकंदर लाल जैन व अन्य गणमान्यों ने निभाई। डीसी हिमांशु जैन ने कहा कि एक साथ 108 देशों में नवकार महामंत्र का जाप होना और उसमें करोड़ों लोगों की भागीदारी, धर्म और एकता की अद्भुत मिसाल है। कार्यक्रम में जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन के तत्वावधान में आयोजित इस वैश्विक आयोजन को लेकर उत्साह देखते ही बनता था। समारोह का उद्देश्य विश्व शांति, आत्मकल्याण और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना रहा। इस मौके पर जीतो लुधियाना चैप्टर चेयरमैन सुधीर कुमार जैन, विशाल जैन, सुभाष जैन, साहिल जैन, मंजू ओसवाल, रिचा जैन, संभव जैन, रम्यक जैन, पावन जैन सहित कई सदस्य मौजूद रहे।


