चालान से बचने का पैंतरा:किसी ने बैंडेज साट छिपाया नंबर तो किसी ने नंबर प्लेट ही हटा दिया

तू डाल-डाल तो मैं पात-पात। रांची में दोपहिया वाहन चालकों और ट्रैफिक पुलिस के बीच ऐसा ही चल रहा है। ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ सख्ती बरतने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कमर कस ली है। शहर में जगह-जगह लगे ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (एएनपीआर) कैमरे से लगातार चालान काटे जाने लगे हैं। अब इनसे बचने के लिए रांची के वाहन सवार तरह-तरह के तरीके अपना रहे हैं। कोई अपने वाहन के पीछे लिखे नंबर पर बैंडेज चिपका कर छिपा रहा है, ताकि कैमरे की नजर से बचा जा सके। वहीं, कुछ युवाओं ने अपने वाहन के नंबर प्लेट को ​​स्प्रिंग और चुंबक​ लगाकर ऑटोमेटिक जुगाड़ सेट कर लिया है, ताकि पुलिस को देखते ही नंबर प्लेट को मनचाहे तरीके से नीचे कर सके। इसके अलावा कैमरे की नजर से बचने के लिए ​स्प्रिंग को हटाकर नंबर प्लेट ही गायब कर दे रहे हैं। यही वजह है कि अगर ऐसे वाहनों से कोई बड़ी आपराधिक घटना होती है तो पुलिस को उन वाहनों को ट्रेस करना काफी मुश्किल हो जाता है। ऐसे ही कुछ वाहनों पर लगी नंबर प्लेट के बारे में बताती यह रिपोर्ट। गाड़ी संख्या : जेएच 01 एएफ
स्थान कर्बला टैंक रोड
तिथि : 19 ​दिसंबर 2024
समय : दोपहर 1.20 बजे स्कूटी के नंबर प्लेट पर बैंडेज साटा हुआ था। बैंडेज इसलिए लगा था, क्योंकि ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने की स्थिति में वाहन चालक का चालान नहीं कटे। शहर में जगह-जगह लगे एएनपीआर कैमरा नंबर प्लेट को रीड ही नहीं कर पाए। गाड़ी संख्या : जेएच 01 ईई 5499 स्थान सर्कुलर रोड तिथि : 19 ​दिसंबर 2024
समय : दोपहर 2.20 बजे बाइक के पीछे लगे नंबर प्लेट को स्प्रिंग के जरिए ऐसे सेट किया गया है कि वह आसानी से ऊपर हो सके। जैसे ही ट्रैफिक पुलिस बाइक को पकड़ने की कोशिश करती है, चालक एक झटके में नंबर प्लेट को नीचे कर देता है। वहीं, एएनपीआर कैमरे से बचने के लिए नंबर प्लेट को ऊपर कर छिपा देता है। गाड़ी पर नंबर प्लेट ही नहीं
स्थान सर्कुलर रोड तिथि : 19 ​दिसंबर 2024
समय : दोपहर 3.00 बजे ये बाइक सर्कुलर रोड में सीजेएम आवास के पास गुरुवार की दोपहर 3.00 बजे खड़ी थी। इसे एक युवक चला रहा था। इस बाइक पर नंबर प्लेट ही नहीं था। सड़क पर बिना नंबर प्लेट के कोई बाइक चला ही नहीं सकता। ट्रैफिक पुलिस की भी नजर इस बाइक बाइक पर नहीं पड़ी। नंबर प्लेट से छेड़छाड़ पर है 5000 रु. का जुर्माना बिना नंबर प्लेट या गाड़ी के नंबर से किसी तरह की छेड़छाड़ करने पर 5000 रुपए का जुर्माना है। रांची में इन दिनों बिना हेलमेट वालों का एएनपीआर कैमरे से लगातार चालान काटा जा रहा है। बिना हेमलेट के 1000 रुपए के चालान का मैसेज बाइक मालिक के मोबाइल पर जा रहा है। इसी से बचने के लिए कई दोपहिया चालक बिना नंबर प्लेट के वाहन चला रहे हैं। ऐसे वाहनों को चिह्नित कर किया जाएगा जब्त ऐसे वाहन, जिसमें नंबर प्लेट के साथ छेड़छाड़ की गई है, उनको चिह्नित किया जाएगा। उन्हें पकड़ कर जब्त किया जाएगा। चालान भी काटा जाएगा। शहर की हर सड़क पर ऐसे वाहन चालकों को पकड़ने के निर्देश ट्रैफिक पुलिस को दिए गए हैं। सभी पोस्ट पर नजर रखने को कहा गया है।
– प्रमोद कुमार केसरी, ट्रैफिक डीएसपी

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *