पोषण पखवाड़े का शुभारंभ, कलेक्टर और अफसरों ने ली शपथ, कई कार्यक्रम होंगे

भास्कर न्यूज | सुकमा प्रदेश भर में 08 से 22 अप्रैल तक “पोषण पखवाड़ा 2025” का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सुकमा जिले में कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव एवं जिला पंचायत सीईओ नम्रता जैन के मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा विशेष तैयारियां की गई हैं। जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी बिस्मिता पाटले ने पोषण जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अभिनव पहल की शुरुआत की है। पोषण पखवाड़ा के तहत जिले की समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में कुपोषित बच्चों, एनीमिक व गर्भवती महिलाओं के लिए स्वास्थ्य व पोषण संबंधी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके तहत बच्चों में मोटापे की रोकथाम के लिए स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना, पोषण भी पढ़ाई भी, पर्यावरण संरक्षण (मिशन लाइफ), जल संरक्षण, योग शिविर, स्थानीय व मिलेट आधारित खाद्य पदार्थों का प्रचार, रेन वाटर हार्वेस्टिंग और एनीमिया उन्मूलन से जुड़ी गतिविधियां शामिल हैं। बुधवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पोषण पखवाड़ा को सफल बनाने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर पोषण से जुड़ी विभिन्न जानकारियां साझा की गईं। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संबंधित विभागों उद्यानिकी, खाद्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित अन्य विभागों से समन्वय स्थापित किया गया है। सभी विभाग मिलकर इस महत्त्वपूर्ण अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में अपनी भूमिका निभाएंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *