निर्माण होने के 3 माह में ही उखड़ने लगी सीसी रोड, किनारे भी टूट गए

भास्कर न्यूज | कवर्धा शंकर नगर वार्ड क्रमांक- 8 में नगर पालिका द्वारा बनाई गई सीसी रोड 3 माह में ही उखड़ने लगी है। गिट्टी बाहर निकल आई है। सीमेंट गायब हो चुका है। इससे वार्डवासियों में नाराजगी है। वार्डवासियों ने नगर पालिका में ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया है। अधूरी सड़क को जल्द पूरा करने और घटिया निर्माण करने वाले ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की। वार्ड निवासी दीपक ठाकुर, हेमंत ठाकुर, गोपाल साहू और रामजी ने बताया कि केबी बाजार जी-श्याम नगर से गोकुल धाम कॉलोनी होते हुए कस्तूरबा स्कूल तक सीसी रोड बनाई गई थी। यह रोड जेवड़न मार्ग को जोड़ती है। पुल का निर्माण पूर्व सरकार में हुआ था। लेकिन सीसी रोड का निर्माण नगर पालिका चुनाव से ठीक पहले कराया गया। निर्माण होने के 3 माह बाद ही सड़क टूटने लगी है। अभी अधूरी है सड़क: वार्डवासियों ने बताया कि ठेकेदार और नगर पालिका अधिकारियों की लापरवाही से सड़क की हालत खराब हुई है। आधी सड़क अधूरी छोड़ दी गई है। जो हिस्सा बना है, वह भी कुछ ही दिनों में जर्जर हो गया। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। वार्डवासियों ने मांग की है कि अधूरी सड़क को जल्द पूरा किया जाए और दोषियों पर कार्रवाई हो।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *