भास्कर न्यूज | कवर्धा स्वच्छ भारत अभियान के तहत कवर्धा में चल रहे स्वच्छता कार्यक्रम में कलेक्टर गोपाल वर्मा शामिल हुए। नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, पार्षदों, अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कलेक्टर ने झाड़ू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। शहर के वार्ड क्रमांक- 10 राजमहल चौक में सफाई अभियान के दौरान कलेक्टर ने खुद झाड़ू उठाकर लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता प्रेरणादायक कार्य है। सभी जनप्रतिनिधियों को इसमें सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए। इससे न केवल शहर साफ रहता है, बल्कि लोग स्वस्थ और सुरक्षित रहते हैं। अभियान के दौरान दुकानदारों और मकान मालिकों से अपील की गई कि वे कचरा सड़क पर न फेंके। कचरा प्रबंधन के लिए आने वाले वाहन में ही कचरा डालें। सड़क और नाली पर लगे अवैध ठेले हटाए गए। सब्जी विक्रेताओं को राजीव पार्क के अंदर बैठने के निर्देश दिए गए। चौक व गलियों की रोजाना सफाई: कवर्धा को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने का प्रयास लगातार जारी है। नपाध्यक्ष चंद्रवंशी ने कहा कि वार्डों, चौक-चौराहों और गलियों में रोजाना नालियों की सफाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि शहर की जनता नगर पालिका का पूरा सहयोग कर रही है। इसी कारण कवर्धा स्वच्छता के क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर नगर पालिका उपाध्यक्ष पवन जायसवाल, मनोज गुप्ता, रिंकेश वैष्णव, बिहारी राम धुर्वे, अजय सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। नागरिकों से मिलकर किया स्वच्छता के लिए जागरूक नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी ने कहा कि जिला अधिकारी का स्वच्छता अभियान में शामिल होना गौरव की बात है। उन्होंने वार्ड के नागरिकों से मुलाकात कर उन्हें स्वच्छता के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही समाज में स्वच्छता का संदेश दिया जा सकता है। इस अभियान में स्वयंसेवी संस्थाएं, समाज प्रमुख, संस्था प्रमुख और चैंबर ऑफ कॉमर्स की टीम को भी जोड़ा जाएगा। ऐसे कार्यक्रमों से न केवल सफाई होती है, बल्कि नागरिकों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना भी बढ़ती है।


