भास्कर न्यूज | कवर्धा भगवान महावीर जन्म कल्याणक महोत्सव के दस दिवसीय कार्यक्रम के तहत जैन समाज की शांति विजय बहू मंडल ने क्षय रोग के मरीजों को पोषण किट वितरित किए। मंडल ने 50 मरीजों को तीन नवकार मंत्र का स्मरण कर किट दिए। मरीजों के चेहरे पर खुशी दिखी। कबीरधाम जिले में करीब 200 टीबी मरीज हैं। इनमें से लगभग 50 अत्यंत गरीब परिवारों से हैं। इन्हें स्वास्थ्य विभाग की ओर से 6 से 9 महीने तक मुफ्त दवा दी जाती है। डॉक्टरों के अनुसार केवल दवा से रोग ठीक नहीं होता। मरीजों को प्रोटीन युक्त भोजन की भी जरूरत होती है। इसी को ध्यान में रखकर यह पहल की गई। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी एल राज ने क्षय रोग से जुड़ी जानकारी दी। सिविल सर्जन डॉ. केशव ध्रुव ने सावधानियों की जानकारी दी। जिला प्रोग्राम मैनेजर अनुपमा तिवारी ने जैन समाज के कार्यों की सराहना की। मंत्र का जाप कर रोगियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना दवा विक्रेता संघ कबीरधाम के अध्यक्ष अनिल दानी ने जैन समाज का धन्यवाद किया। भारतीय जैन संगठन के संभागीय अध्यक्ष अमित बरडिया ने तीन नवकार मंत्र का जाप कर किट वितरण की शुरुआत की। उन्होंने रोगियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने अन्य संस्थाओं से भी प्रेरणा लेने की अपील की। कार्यक्रम की सफलता में शांति विजय बहू मंडल की अध्यक्ष नंदिता लूनिया, सचिव नेहा लूनिया, कोषाध्यक्ष रुचि लूनिया, रचना लूनिया, चेतना टाटिया, सुधा बाठिया, रेखा लूनिया सहित महिला मंडल की सदस्यों की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम को लेकर पलाश टाटिया का मार्गदर्शन उल्लेखनीय रहा।


