जयपुर-आगरा रोड पर देर रात टनल के पास एक कार ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। इसके बाद कार सवार मौके से भाग निकला। कार को मौके पर ही छोड़ गया। घटना के बाद लोगों ने घायलों को निजी वाहन से एसएमएस ट्रोमा सेंटर पहुंचाया। तीनों की हालत गम्भीर बताई जा रही है। दुर्घटना थाने के एएसआई ईस्वर सिंह ने बताया- देर रात सूचना मिली थी की कार और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार तीन युवक गम्भीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें स्थानीय लोग एसएमएस लेकर पहुंचे। कार ने बाइक को सामने से टक्कर मारी जिस के बाद आरोपी कार चालक कार को मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। कार और दुर्घटना में क्षतिग्रस्त हुई बाइक को जब्त कर लिया है। घायलों के परिवार से रिपोर्ट मिलने के बाद एफआईआर दर्ज की जाएगा। पीड़ित परिवार घायलों का उपचार करवा रहा है। बाइक चला रहे युवक के सिर में गम्भीर चोट है। वहीं, पीछे बाइक पर बैठे दोनों युवक के हाथ और पैर में फैक्चर हुआ है। हादसे के बाद कर जाम हो गई प्रत्यक्षदर्शी विशाल कुमावत ने बताया- बाइक और कार की भिड़ंत के बाद कार चालक कार लेकर फरार होने का प्रयास कर रहा था, लेकिन कार जाम हो गई। इसके बाद कार चालक कार को मौके पर छोड़ कर भाग गया। कुछ लोगों ने उसका पीछा किया, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठा कर मौके से निकल गया। मौके पर मौजूद लोगो ने बाइक सवार तीनों घायलों को संभाला, लेकिन तीनों की स्थिति कुछ बताने लायक नहीं थी। इसके बाद लोगों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस के समय पर मौके पर नहीं पहुंचने पर लोगों ने खुद की गाड़ियों से घायलों को ट्रोमा में भर्ती कराया।


