थाईलैंड बना फैमिली टूर का हॉटस्पॉट, हिल स्टेशनों में कसौली की डिमांड

भास्कर न्यूज|लुधियाना क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन को लेकर इस बार लोगों में जबरदस्त उत्साह है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों स्तर पर यात्राओं की डिमांड काफी बढ़ी हुई है। शहर के लोग खासतौर पर हिल स्टेशनों और विदेशों की ओर रुख कर रहे हैं। प्री-बुकिंग की वजह से कई जगहों पर होटल और टिकट पूरी तरह पैक हो चुके हैं। हर साल की तरह इस बार भी रश से बचने के लिए प्री-बुकिंग काफी पहले ही शुरू हो गई थी। दिसंबर के आखिरी सप्ताह में होटल और फ्लाइट की बुकिंग्स अपने चरम पर हैं। कुल मिलाकर, क्रिसमस और न्यू ईयर पर सेलिब्रेशन के लिए लोगों का उत्साह चरम पर है। चाहे घरेलू डेस्टिनेशन हो या अंतरराष्ट्रीय, हर जगह इस बार जबरदस्त भीड़ और रौनक देखने को मिलेगी। चंडीगढ़ और लुधियाना के करीब होने की वजह से कसौली हिल स्टेशन की सबसे ज्यादा बुकिंग हो रही है। इसके अलावा मसूरी भी लोगों की पसंदीदा जगहों में शामिल है। हालांकि, सामान्य दिनों की अपेक्षा होटल और टिकट के दाम यहां भी 30 प्रतिशत तक बढ़े हुए हैं। घरेलू डेस्टिनेशंस की बात करें तो गोवा हमेशा की तरह सबसे ज्यादा डिमांड में है। हालांकि, इस बार यहां होटल और टिकट के रेट काफी बढ़े हुए हैं। 31 दिसंबर और क्रिसमस की रात के लिए बुकिंग लगभग खत्म हो चुकी है। महंगे दाम होने के बावजूद यहां रुकने और पार्टी करने का क्रेज खत्म नहीं हुआ है। टूर एंड ट्रैवल एजेंट जगदीशर वाधवा ने बताया कि थाईलैंड भारतीय टूरिस्ट के बीच एक पसंदीदा डेस्टिनेशन है। इसके दो कारण हैं। पहला भारत से थाईलैंड की दूरी मात्र 5 घंटे की है और दूसरा यहां की ट्रिप एक बजट ट्रिप साबित होती है। इस वजह से अंतरराष्ट्रीय ट्रैवल डेस्टिनेशंस में इस बार थाईलैंड सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है। वीजा फ्री होने की वजह से फैमिलीज थाईलैंड को प्राथमिकता दे रही हैं। दिसंबर के अंत में यहां के होटल्स में काफी तेजी देखी गई है। हालांकि प्री बुकिंग करने वालों को फायदा रहा, अब तो 10 हजार रुपये वाले होटल्स भी 25 से 30 हजार रुपये तक के रेट में भी उपलब्ध नहीं हैं। थाईलैंड में बैंकॉक, फुकेत और क्राबी जैसी जगहों पर भारी भीड़ है। थाईलैंड की यात्रा गोवा की तुलना में ज्यादा किफायती साबित हो रही है। इसके अलावा दुबई, अबू धाबी, बाली, वियतनाम, सिंगापुर और यूरोपियन देशों में भी इस बार भारी रुझान देखा जा रहा है। यहां बुकिंग सामान्य दिनों की तुलना में 30 प्रतिशत तक महंगी हो चुकी है, फिर भी लोग अंतरराष्ट्रीय स्तर पर घूमने को प्राथमिकता दे रहे हैं। इन जगहों पर लोग फैमिली और दोस्तों के साथ जाकर न्यू ईयर सेलिब्रेट करना पसंद कर रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *