भरतपुर की चिकसाना पुलिस ने अवैध गांजा ले जाते हुए 1 आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी प्लास्टिक के कट्टे में डालकर गांजा लेकर जा रहा था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ा है। आरोपी जिस व्यक्ति से गांजा खरीदकर लाया था। पुलिस उस व्यक्ति की तलाश कर रही है। चिकसाना थाना अधिकारी हनुमान सहाय ने बताया कि गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना मिली कि नौगाया गांव के पास एक व्यक्ति प्लास्टिक के कट्टे में अवैध गांजा लेकर जा रहा है। जैसे ही पुलिस का जाब्ता मौके पर पहुंचा तो, व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने उसे घेराबंदी कर पकड़ा। व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम सोनू (35) निवासी हथैनी होना बताया। प्लास्टिक के कट्टे की तलाशी ली गई तो, उसमें सफ़ेद कपड़े में लिपटा हुआ गांजा मिला। जिसका वजन किया तो, उसमें 1 किलो 358 ग्राम गांजा मिला। व्यक्ति ने बताया कि वह गांजा इन्दर गुर्जर और एक अन्य व्यक्ति से खरीदकर लाया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।


