घर के बाहर शराब पीने से रोकने पर परिवार पर हमला, 25 हमलावरों ने की तोड़फोड़

भास्कर न्यूज | लुधियाना लुधियाना के कैलाश नगर रोड पर वीरवार रात को एक सब्जी बेचने वाले परिवार पर 25 लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ की और बाहर खड़े वाहनों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। यह घटना उस समय हुई जब पीड़ित परिवार ने घर के बाहर शराब पी रहे कुछ युवकों को वहां से हटने के लिए कहा। थाना जोधेवाल के अंतर्गत आने वाले कैलाश नगर रोड पर रहने वाले दिलीप वर्मा का सब्जी बेचने का कारोबार है। वीरवार रात जब दिलीप अपने घर के बाहर खड़े थे, तो उन्होंने देखा कि कुछ युवक सड़क किनारे शराब पी रहे हैं। उन्होंने उन युवकों को वहां से जाने के लिए कहा, जिससे युवक भड़क गए। दिलीप वर्मा ने बताया कि पहले युवकों ने उनसे गाली-गलौज की और मारपीट शुरू कर दी। जब दिलीप का परिवार बीच-बचाव करने पहुंचा, तो युवकों ने अपने 25 साथियों को बुला लिया। इसके बाद सभी हमलावर हथियारों से लैस होकर परिवार के घर पर टूट पड़े। हमलावरों ने न केवल घर में तोड़फोड़ की, बल्कि घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा, छोटा हाथी टेंपो, मोटरसाइकिल और एक्टिवा स्कूटी को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जांच अधिकारी जसवीर सिंह ने बताया कि शिकायत दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *