जिले के थ्री व्हीलर और टेंपो चालकों ने मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कुम्हेर रोड पर स्थित गिरधर टोल प्लाजा पर नियम विरुद्ध की जा रही अवैध वसूली के खिलाफ किया गया। चालकों ने आरोप लगाया कि टोल कर्मी न केवल बिना किसी नियम के टोल वसूलते हैं, बल्कि विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट तक पर उतर आते हैं। प्रदर्शन के दौरान चालक हरिओम ने बताया कि देश में थ्री व्हीलर वाहनों से टोल टैक्स नहीं लिया जाता है, क्योंकि यह नियमों में छूट श्रेणी में आते हैं। लेकिन, भरतपुर के गिरधरपुर टोल प्लाजा पर इन वाहनों से मनमाने ढंग से एक साइड से 45,65 और 90 रुपए तक टोल वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि यहां कोई फिक्स रेट नहीं है। टोल कर्मी जो चाहे उतना वसूलते हैं। जब हम विरोध करते हैं तो हमें धमकाया जाता है, अपशब्द कहे जाते हैं और कभी-कभी पीटने की भी कोशिश की जाती है चालकों का कहना है कि जब वे टोलकर्मियों से नियमों की बात करते हैं, तो जवाब में कहा जाता है कि हम कलेक्टर के आदेश से ही टोल ले रहे हैं। जो करना हो कर लो। इससे नाराज़ होकर चालकों मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला कलेक्टर डॉ. अमित यादव को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान थ्री व्हीलर चालकों ने नियम विरुद्ध की जा रही वसूली को बंद कराए जाने की मांग की।


