बूंदी में थ्रेसर में फंसने से युवती की मौत हो गई। फसल निकलवाते समय युवती का दुपट्टा (चुन्नी) थ्रेसर के बेल्ट में फंस गया। इससे गले में दुपट्टे का फंदा बन गया और युवती का दम घुट गया। वह बेहोश हो गई। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसा बुधवार दोपहर करीब 11 बजे दबलाना थाना इलाके की सांवतगढ़ पंचायत के खोड़ी गांव में हुआ। चुन्नी मशीन में फंसने से गले में बन गया था फंदा
दबलाना थाना के ASI राजेंद्र सिंह ने बताया- खोड़ी निवासी रिंकू मीणा (22) खेत में गेहूं की फसल निकलवा रही थी। इस दौरान उसकी चुन्नी थ्रेसर के फ्रंट बेल्ट में फंस गई। मशीन के चुन्नी को अपनी ओर खींचने के कारण उसका गला घुट गया। परिजन ने मशीन बंद की, तब तक वह बेहोश हो चुकी थी। परिजन और ग्रामीण तुरंत उसे बूंदी जिला अस्पताल लेकर गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। एएसआई ने बताया- पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण गले में चुन्नी का फंसना बताया जा रहा है। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक कारण पता चलेगा। युवती चलाती थी घर का खर्च
रिंकू के चाचा महावीर मीणा ने बताया- थ्रेसर से गेहूं निकाल रहे थे। रिंकू मुंह पर चुन्नी बांधकर गेहूं एक परात में लेकर दूसरी जगह डाल रही थी। इसी दौरान हादसा हो गया। रिंकू बुजुर्ग पिता और छोटे भाई के साथ रहती थी। उसकी मां का देहांत हो चुका था। वह परिवार की मुख्य कमाऊ सदस्य थी। परिवार के पास 5-6 बीघा जमीन है। इस पर खेती के साथ ही मजदूरी कर रिंकू घर का खर्च चलाती थी। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।


