भास्कर न्यूज | राजनांदगांव रायपुर के महादेव घाट की तर्ज पर शिवनाथ के मोहारा एनीकट को भी विकसित किया जाएगा। यहां लोगों के मनोरंजक और भ्रमण के लिए सस्पेंशन ब्रिज बनाया जाएगा। वहीं ब्रिज के ठीक आगे गार्डन का निर्माण होगा। जिसमें आकर्षक कलाकृतियां भी रखी जाएगी। राज्य सरकार ने इसे बजट में शामिल किया है। जिसमें फिलहाल 20 करोड़ रुपए के खर्च का प्रावधान किया है। हालांकि सिंचाई विभाग के साथ जिला प्रशासन की टीम जगह का चयन और पूरे प्रोजेक्ट का ब्लू प्रिंट तैयार करेगी। इसके बाद खर्च होने वाली राशि में और बढ़ोतरी हो सकती है। शिवनाथ नदी के इस हिस्से को पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए यह प्लान तैयार किया जा रहा है। ताकि शहर के लोगों को रायपुर के महादेव घाट की तरह घूमने – फिरने और मनोरंजन के लिए बेहतर पाइंट दिया जा सके। सिंचाई विभाग के ईई निलेश रामटेके ने बताया कि सस्पेंसन ब्रिज और गार्डन निर्माण के लिए बजट में प्रावधान किया गया है। आगे निर्माण को लेकर सर्वे किया जाएगा। दोनों पुल के बीच हिस्से में ब्रिज बनाने की योजना जानकारी मुताबिक सस्पेंशन ब्रिज के लिए शिवनाथ में बने बड़े और छोटे पुल के बीच के हिस्से को चयनित किया जाएगा। यही ब्रिज का निर्माण होगा। इसके बाद मोहारा वार्ड वाले हिस्से में मंदिर के आसपास के क्षेत्र में गार्डन का निर्माण किया जा सकता है। ताकि ब्रिज से लेकर लोग गार्डन में पहुंचेंगे। गार्डन को कलाकृतियों से सजाया जाएगा। वहीं जलपान के लिए कैफेटेरिया का निर्माण भी गार्डन में किया जाएगा। मोहारा एनीकट में ब्रिज और गार्डन का निर्माण पूरा होने के बाद एक हिस्से में चौपाटी और दुकानें भी लगाई जाएगी।


