चाटीविंड के तहत आते मानांवाला कलां में 7 हमलावरों ने की वारदात, पुलिस ने एक आरोपी पकड़ा

भास्कर न्यूज | अमृतसर चाटीविंड के तहत आते मानांवाला कलां में 7 हमलावरों ने ढाई घंटे में 2 बार जानलेवा हमला करके बाप-बेटे को घायल कर दिया। आरोपियों ने बेटे को तेजधार हथियारों से और बाप को टांग में गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने 7 हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज करके एक आरोपी को काबू कर लिया है। दोनों घायल बाप सुखदेव सिंह और बेटा मनदीप सिंह अस्पताल में उपचाराधीन हैं। घटना मंगलवार रात डेढ़ बजे से लेकर बुधवार तड़कसार साढ़े 4 बजे के बीच की है। घायल सुखदेव सिंह ने बताया कि मंगलवार रात डेढ़ बजे उसके घर के बाहर नाम लेते हुए आरोपी गाली-गलौज कर रहे थे। जब बेटा मनदीप सिंह घर से बाहर निकला तो आरोपियों ने तेजधार हथियार से हमला करके घायल कर दिया। जब वह खुद बचाने के लिए आगे आए तो उनपर भी हमला किया। शोर मचाने पर सभी आरोपी भाग गए। जख्मी बेटे को लेकर मानांवाला अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल करवाया। उसके बाद वह अपने भतीजे बोबी सिंह, कुलबीर सिंह के साथ चौकी दबुर्जी में शिकायत देकर वापस अपने गांव जा रहे थे तो आरोपियों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया और उसके साथ मारपीट करते हुए आरोपी राजीव ने पिस्तौल से उसकी टांग में गोली मार दी। यह घटना बुधवार तड़कसार 4 बजे की है। उसके भतीजों ने मानांवाला अस्पताल में दाखिल करवाया। उन्होंने बताया कि आरोपी उनके ही गांव के हैं। पहले कभी बेटे के साथ किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ होगा, जिसकी रंजिश में उन्होंने हमला किया। उनकी जान को खतरा है। एएसआई हरपाल सिंह ने बताया कि घायलों के बयानों के आधार पर 7 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है और एक आरोपी सिकंदर सिंह निवासी मानांवाला को काबू किया है। रजीव, रोमन, गुरकीरत सिंह, जश्नदीप सिंह, आकाश और अजय निवासी मानांवाला फरार चल रहे हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *