अमृतसर | भारतीय योग संस्थान का 59वां स्थापना दिवस ऐतिहासिक कंपनी बाग में मनाया गया। संस्थापक स्वर्गीय प्रकाश लाल की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए। समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और भजन गायन से हुई। दीप प्रज्वलन में अमृतसर इकाई के संरक्षक वीरेंद्र धवन, पंजाब इकाई के प्रतिनिधि मनमोहन कपूर, सतीश महाजन, जिला इकाई के प्रतिनिधि मास्टर मोहनलाल, सुनील कपूर, गिरधारी लाल और प्रमोद सोढ़ी शामिल रहे। इस अवसर पर संस्थान ने अमृतसर में 2 नए योग केंद्र शुरू करने की घोषणा की। वीरेंद्र धवन ने बताया कि संस्थान की स्थापना 10 अप्रैल 1967 को दिल्ली में स्वर्गीय प्रकाश लाल ने की थी। उनका उद्देश्य था जियो और जीवन दो।आज भारत सहित कई देशों में संस्थान के 4500 से अधिक योग केंद्र चल रहे हैं। धवन ने बताया कि नित्य योग, प्राणायाम और ध्यान से शरीर, श्वास और मन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।


