भास्कर न्यूज | अमृतसर हिमाचल प्रदेश में स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में चल रहे चैत्र मेले के लिए पुतली घर प्राचीन बाबा बालक नाथ मंदिर से करीब 100 श्रद्धालुओं का पैदल जत्था रवाना हुआ। ब्रह्मलीन गुरु भक्त जगत राम और ब्रह्मलीन भक्त मोहनलाल के आशीर्वाद से मंदिर संचालक आकाश की अध्यक्षता में बाबा जी के झंडों के साथ रवाना हुए जत्थे में शहर के कई भक्तजन शामिल हुए। मंदिर से शुरु होकर जत्था रेल मार्ग से जालंधर और फिर होशियारपुर पहुंचा। जहां से पैदल जत्था हिमाचल शाहतलाई मंदिर में जाने को रवाना हुए। इससे पहले सारी संगत ने मिलकर बाबा जी की आरती उतारी और लंगर ग्रहण करने के बाद पैदल सड़क मार्ग से ऊना के लिए रवाना हो गए। जिसमें बच्चे, बूढ़े, औरतें और नौजवान शामिल थे। मंदिर संचालक आकाश और सेवादार अखिल ने बताया कि यह जत्था पिछले करीब 90 सालों से हर साल पैदल जाता है। जबकि दर्शनों के बाद जत्था पैदल 19 मार्च को शहर में वापस पहुंचता है। गौर है कि बाबा जी के इस मेले में देश, विदेशों से भी लाखों की संख्या में बाबा के भक्तजन दर्शनों को आते हैं।


