स्पोर्ट्स विंग स्कूल्स के ट्रायल में 728 खिलाड़ियों ने भाग लिया, खो-खो व कबड्डी में नहीं दिखी रुचि

भास्कर न्यूज | लुधियाना खेल विभाग पंजाब द्वारा लुधियाना जिले के विभिन्न स्पोर्ट्स विंग स्कूलों में आयोजित खेल ट्रायल्स के दूसरे दिन भी खिलाड़ियों ने उत्साह से भाग लिया। साइक्लिंग, फुटबॉल, जिमनास्टिक, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, खो-खो, कबड्डी, नेटबॉल, सॉफ्टबॉल, शूटिंग, वॉलीबॉल, वेटलिफ्टिंग और कुश्ती जैसे खेलों के अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग के लिए दो दिवसीय ट्रायल्स करवाए गए। कुल मिलाकर 728 खिलाड़ियों ने ट्रायल्स में हिस्सा लिया, जिनमें पहले दिन 479 और दूसरे दिन 245 खिलाड़ी शामिल रहे। हालांकि कुछ खेलों में खिलाड़ियों की रुचि नहीं दिखी। ट्रायल के दूसरे दिन जिमनास्टिक, खो-खो और नेटबॉल में लड़के और लड़कियां दोनों ही शामिल नहीं हुए। वहीं, 9 अप्रैल को आयोजित ट्रायल्स के दौरान लड़कियों ने खो-खो और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेलों में रुचि नहीं दिखाई। जिला खेल अधिकारी कुलदीप चुघ ने जानकारी दी कि 11 अप्रैल से एथलेटिक्स, पावरलिफ्टिंग और बॉक्सिंग के ट्रायल शुरू किए जाएंगे, जिनमें जिले के और भी युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। चुघ ने बताया कि खेल विभाग का उद्देश्य योग्य खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें आगे प्रशिक्षण देना और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। खेल विभाग इन ट्रायल्स के माध्यम से राज्य स्तर की टीमों के लिए होनहार खिलाड़ियों का चयन कर रहा है ताकि उन्हें बेहतर सुविधाएं और मंच प्रदान किया जा सके। विभाग ने सभी स्कूलों और खिलाड़ियों से ट्रायल्स में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *