झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) की ओर से मैट्रिक और इंटरमीडिएट कला, विज्ञान और वाणिज्य स्ट्रीम की परीक्षा में शामिल लगभग आठ लाख परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच 12 अप्रैल से की जानी है। राज्य भर में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 60 केंद्र बनाए गए हैं। वहीं रांची में सात केंद्रों पर उत्तर पुस्तिकाओं की जांच की जाएगी। राज्य भर में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए 10 हजार परीक्षकों की प्रतिनियुक्ति की गई है, जिसमें एग्जामिनर और हेड एग्जामिनर शामिल हैं। रांची जिले में बनाए गए एग्जामिनर और हेड एग्जामिनर को प्रतिनियुक्ति पत्र वितरित कर दिया गया है। इधर जैक द्वारा शुक्रवार को मूल्यांकन का प्रशिक्षण देने के वर्कशॉप का आयोजन किया गया है। इस वर्कशॉप में सभी मूल्यांकन केंद्रों के डायरेक्टर, राज्य के सभी जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारी और सभी प्रमंडल के आरडीडीई शामिल होंगे। वर्कशॉप में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। मिली जानकारी के अनुसार मूल्यांकन कार्य लगभग एक माह चलेगा। रिजल्ट मई अंतिम या जून फर्स्ट वीक में जारी किए जाने की संभावना है। वहीं कॉपियों की जांच को लेकर तैयारी पूरी कर ली गई है। आठ लाख छात्रों ने दी थी परीक्षा : मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में लगभग आठ लाख स्टूडेंट्स परीक्षा में शामिल हुए थे। मैट्रिक परीक्षा के 4.33 लाख परीक्षार्थी थे। वहीं इंटर कला, विज्ञान और वाणिज्य के 3.50,138 परीक्षार्थी थे। मैट्रिक की परीक्षा रांची समेत राज्य के 1297 केंद्रों पर हुई थी। मैट्रिक और इंटरमीडिएट की परीक्षा 11 फरवरी से शुरू हुई थी। इंटरमीडिएट की परीक्षा 3 मार्च तक चली। वहीं मैट्रिक की परीक्षा आठ मार्च तक हुई।


