24 घंटे पानी:पुरानी लाइन अगले हफ्ते बंद, 7 दिन में लेना होगा नया कनेक्शन

शहर के 14 वार्डों के तकरीबन 27 हजार घरों में करीब एक हफ्ते में पुरानी पाइप लाइन से पानी की सप्लाई पूरी तरह बंद हो कर दी जाएगी। उन्हें स्मार्ट सिटी की योजना 24 घंटा वाटर सप्लाई स्कीम के तहत नए कनेक्शन से ही पानी दिया जाएगा। अभी पुरानी और नई पाइपलाइन से लोगों को सुबह-शाम एक-एक घंटा पानी दिया जा रहा है। बिना किसी ठोस तैयारी के निगम के इस फैसले ने हजारों लोगों को सकते में डाल दिया है। नई पाइपलाइन से पानी टंकियों तक कैसे चढ़ेगा ये अब तक क्लियर नहीं है। जहां नए कनेक्शन नहीं लगे हैं वो क्या करेंगे इस तरह के कई सवालों का निगम अफसरों के पास कोई जवाब नहीं है। इसके बावजूद निगम ने फैसला लिया है कि पुरानी पाइपलाइन से पानी नहीं दिया जाएगा। अभी मोतीबाग पानी टंकी से सुबह पुरानी और शाम को नई लाइन से पानी दिया जा रहा है। कई जगहों पर तो पानी ही नहीं आ रहा है। नई लाइन में कई तरह की दिक्कतें हैं। पुरानी सप्लाई लाइन से पानी आने के कारण ज्यादातर नई लाइन से जुड़ी दिक्कतें नगर निगम तक नहीं पहुंच रही हैं। जानकारों का दावा है कि अचानक पुरानी लाइन बंद कर नई लाइन शुरू होने से गर्मी के समय पानी का बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा। निगम के इस फैसले का अब वार्डों में विरोध भी शुरू हो गया है। वार्डों के पार्षद इसे तुगलकी फरमान बता रहे हैं। उनका कहना है कि बिना तैयारी के ऐसा किया जा रहा है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी उन्हें ही होगी। क्योंकि लोग सबसे पहले उन्हें ही घेरेंगे। कई तरह के सवाल, जो अभी भी सुलझने जरूरी, तभी मिलेगी राहत लीकेज ठीक नहीं कर पाए, कई वार्डों में प्रेशर बेहद कम
शहर के एबीडी एरिया में रायपुर स्मार्ट सिटी ने दो साल पहले 24 घंटे पानी योजना के तहत काम शुरू किया था। 2024 में जून तक योजना के तहत 27 हजार घरों में पुरानी लाइन बंद कर नई सप्लाई लाइन से 24 घंटे पानी देना शुरू किया जाना था। इस बीच स्मार्ट सिटी ने जब टेस्टिंग की तो कई दिक्कतें आईं। कई जगहों पर लीकेज निकले। जिन्हें आज तक नहीं सुधारा जा सका है। लीकेज और एंड बंद करने के बाद भी आज तक रायपुर स्मार्ट सिटी और नगर निगम ने योजना के शुरू होने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है। पुरानी लाइन से सप्लाई पूरी तरह बंद कर नई लाइन से पानी देने के फैसले का लोगों ने विरोध शुरू कर दिया है। कई जगहों पर लोगों ने नई लाइन के लिए कनेक्शन ही नहीं लिया है। अफसरों की लापरवाही का खामियाजा लोगों को भुगतने नहीं देंगे
^योजना को लेकर अफसरों ने अब तक गंभीरता नहीं दिखाई है। 24 घंटे पानी स्कीम में कई तरह की दिक्कतें हैं। अफसरों से चर्चा करते हैं, लेकिन वे जवाब ही नहीं दे पाते। गर्मी में लोगों को पानी की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। आनन-फानन में कोई फैसला नहीं होने देंगे।मीनल चौबे, महापौर रायपुर पार्षद बोले, पहले हर घर में पानी का सिस्टम बनाओ
24 घंटे पानी की योजना गंज और मोतीबाग टंकी से जुड़ी है। पांच वार्ड गंज टंकी और 9 वार्ड मोतीबाग टंकी से जुड़े हैं। सदर बाजार वार्ड के पार्षद और जोन-4 अध्यक्ष मुरली शर्मा ने कहा कि 24 घंटे पानी सप्लाई में ढेरों दिक्कतें हैं। थोड़ा सा फोर्स बढ़ाओ तो पाइपलाइन फूट जा रही है। पानी की पाइपलाइन और अंडरग्राउंड केबलिंग की लाइन ऊपर-नीचे डाल दी गई है। पाइपलाइन फूटने पर उसकी तब तक मरम्मत नहीं हो पाती, जब तक बिजली विभाग लाइन बंद नहीं कर देता। 5400 कनेक्शन दिए जाने थे। अभी तीन हजार के आसपास ही दिए हैं। मौदहापारा वार्ड 35 के पार्षद शेख मुशीर ने बताया कि उनके वार्ड में सौ फीसदी कनेक्शन नहीं हुआ है। जहां कनेक्शन है वहां पानी इतने कम फोर्स से आता है कि घंटों बाद भी टंकी नहीं भरेगी। कई एरिया इतने सूखे हैं जहां पुरानी और नई किसी लाइन से पानी नहीं आता। इसके बावजूद निगम वाले पुरानी लाइन बंद करने में अड़े हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *