सरकारी स्कूल की ड्रेस में गेंदबाजी और बल्लेबाजी करती 12 साल की राजस्थान की छात्रा चर्चा में है। क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर और जहीर खान जैसे नामी खिलाड़ी भी फैन हो गए। तेंदुलकर ने सुशीला मीणा की गेंदबाजी को जहीर खान जैसा बताया। एक्स पर वीडियो को पोस्ट करते हुए लिखा-‘सहज, सरल और देखने में बहुत ही प्यारा। सुशीला मीना की गेंदबाजी में आपकी झलक दिखती है@ImZaheer. तेंदुलकर के एक्स पर पोस्ट करने के बाद जहीर खान ने रिपोस्ट करते हुए सराहना की। उन्होंने लिखा-‘आप बिल्कुल सही कह रहे हैं और मैं इससे पूरी तरह सहमत हूं। उसका एक्शन बहुत सहज और प्रभावशाली है – वह पहले से ही बहुत आशाजनक दिख रही है। तीन साल से कर रही प्रैक्टिस प्रतापगढ़ जिले के धरियावद उपखंड में रामेंरतालाब गांव की सुशीला कक्षा पांचवीं की छात्रा तीन साल से क्रिकेट की प्रैक्टिस कर रही है। पहले वह खाली दीवार या किसी पत्थर को निशाना बनाकर गेंदबाजी करती थी, लेकिन अब वह इस खेल में इतनी माहिर हो गई है कि उसके गुरुजनों और शिक्षकों ने उसकी मदद करते हुए उसे खेल सामग्री उपलब्ध करवाई है। कोच बोले-सही ट्रेनिंग मिले तो वह और अच्छा खेल सकती है सुशीला के पिता रतनलाल और मां शांति बाई मीणा मजदूरी और खेती करके परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सुशीला के कोच ईश्वरलाल मीणा का कहना है कि अगर सुशीला को सही ट्रेनिंग मिले, तो वह और अच्छा खेल सकती है। क्रिकेट की दुनिया में प्रदेश का नाम रोशन कर सकती है। सुशीला अपने माता-पिता और दादा के साथ बांस की झोपड़ी में रहती है, लेकिन हाल ही में उसकी बल्लेबाजी और गेंदबाजी के वीडियो ने सोशल मीडिया पर काफी धूम मचाई है। उसकी गेंदबाजी की विशेष सराहना की जा रही है, जहां वह पहले ही बॉल पर विकेट उड़ा देती है। राज्यवर्धन राठौड़ से सुशीला के लिए सुविधाएं मुहैया करवाने की अपील इस बीच राजस्थान के कद्दावर नेता किरोड़ी लाल मीणा ने राज्यवर्धन राठौड़ से सुशीला की प्रतिभा को निखारने के लिए उचित सुविधाएं मुहैया करवाने का आग्रह किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सुशीला का वीडियो साझा करते हुए लिखा कि भारत रत्न सचिन तेंदुलकर और जहीर खान ने राजस्थान की बेटी सुशीला मीणा की गेंदबाजी की सराहना की है। मेरा खेल मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ से अनुरोध है कि वे सुशीला की प्रतिभा को निखारने के लिए उचित सुविधाएं मुहैया कराएं, जिससे उसका भविष्य उज्जवल हो।


