पॉलिटिकल रिपोर्टर | रांची झामुमो का 13वां महाअधिवेशन 14-15 अप्रैल को रांची स्थित खेलगांव के हरिवंश टाना भगत स्टेडियम में होगा। इसकी तैयारी अंतिम चरण में है। सत्ता में फिर से वापसी के बाद यह पहला केंद्रीय महाधिवेशन होगा। इसमें करीब 6000 लोगों के शामिल होने की संभावना है। झारखंड के अलावा कई अन्य राज्यों में जहां संगठन की इकाइयां हैं, वहां से बड़ी संख्या में प्रतिनिधियों के आने की संभावना है। महाधिवेशन में विधायक कल्पना सोरेन को बड़ी जिम्मेवारी मिलने और संगठन विस्तार को लेकर कई राजनीतिक प्रस्ताव पारित होने की संभावना है। झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन भी महाधिवेशन में शामिल होंगे। झामुमो विस्तारित होते प्रभाव को देखते हुए पड़ोसी राज्यों के आदिवासी बहुल इलाकों को मिलाकर वृहद झारखंड की परिकल्पना को फिर से आगे बढ़ा सकता है। पार्टी संविधान में संशोधन होने की भी उम्मीद है। केंद्रीय समिति का पुनर्गठन और जिलाध्यक्षों सहित अन्य पदों पर नियुक्तियां भी हो सकती हैं। इस साल बिहार में और अगले साल पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, इसे ध्यान में रख कर भी महाधिवेशन में कुछ खास रणनीति बन सकती है। मुख्यमंत्री और झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन शनिवार को खेलगांव गए। उन्होंने महाधिवेशन स्थल पर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान रांची उपायुक्त मंजूनाथ भंजत्री, डीआईजी सह रांची एसएसपी चंदन सिन्हा व अन्य अफसर भी थे। मुख्यमंत्री ने सभी को महाधिवेशन स्थल पर समुचित इंतजाम करने समेत अन्य निर्देश दिए।


