अमृतसर | विधानसभा क्षेत्र पूर्वी के वार्ड नंबर 22 के प्रीत नगर क्षेत्र में श्री राम भक्त सेवा समिति द्वारा 5वां श्री बालाजी जन्मोत्सव धार्मिक उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। समारोह में शहर के विभिन्न हिस्सों से भक्तजन बड़ी संख्या में पहुंचे। समारोह में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और आप यूथ विंग के संयुक्त सचिव जगजीत सिंह जैकी ने भावनात्मक संबोधन में कहा कि संस्कार और धार्मिक आस्था हमारी राष्ट्रीय पहचान का अभिन्न अंग है। ऐसे आयोजन न केवल भक्ति भाव को बढ़ाते हैं, बल्कि युवा पीढ़ी को अपने धर्म और संस्कृति से भी जोड़ते हैं। उन्होंने श्री राम भक्त सेवा समिति द्वारा किए जा रहे धार्मिक प्रयासों की सराहना की और भविष्य में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। समारोह की शुरुआत सुबह 9 बजे पूजा के साथ हुई, जिसके बाद 11 बजे से 2 बजे तक कीर्तन हुआ। दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। समारोह के अंतिम चरण में समिति के सदस्यों धीरज कुमार, प्रदीप मिश्रा और छोटेलाल गिरी ने कहा कि यह उत्सव हमेशा भक्तजनों की भागीदारी के साथ हर साल मनाया जाएगा। इस अवसर पर ब्रहमदेव सिंह, राम अवतार, राजू खुशवाहा, आशीष मिश्रा मौजूद थे।


