भरतपुर अटल बंद थाना पुलिस ने ATM कार्ड बदलकर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस गैंग के एक सदस्य को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। जिसके कब्जे से रुपए और पैसे निकालने की पर्चियां जब्त की गई थी। फिलहाल पुलिस इस गैंग के बाकी सदस्यों को गिरफ्तार करने के लिए आरोपी से पूछताछ कर रही है। अटल बंद थाने के थानाधिकारी हेमेंद्र चौधरी ने बताया कि ATM बदलकर रुपयों की ठगी करने वाले आरोपी सचिन निवासी बिशायतीगढ़ी जिला अलवर को गिरफ्तार किया गया है। इस गैंग के एक और सदस्य धीरेन्द्र को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। आरोपी से HDFC बैंक का ATM कार्ड और उसके बैग से 1 लाख 6 हजार 300 रुपए बरामद किए गए थे। साथ ही बैग से पैसे निकालने की 7 पर्चियां भी जब्त की गई थी। यह गैंग ATM मशीन पर पैसे निकालने आने वाले व्यक्तियों को अपना शिकार बनाती थी। आरोपी पैसे निकालने आने वाले लोगों से बड़े शातिर तरीके से ATM कार्ड बदल लेते। जिसके बाद उसके पिन कोड का पता कर व्यक्ति के खाते से पैसे निकाल लेते थे। फिलहाल गिरफ्तार हुए आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपियों के और भी साथियों की गिरफ्तारी की जा सकती है।


