जयपुर में भारत रत्न बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती से पूर्व रविवार को एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। झालाना डूंगरी स्थित एआईसीटीई में आयोजित इस समारोह में महिला सशक्तिकरण और अधिकारों पर विशेष जोर दिया गया। महिला सशक्तिकरण समाज को मजबूत बनाने की कुंजी है कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेविका मानसी कैलाश सांखला ने की। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को समाज की प्रगति का आधार बताया। सांखला ने ‘सशक्त महिला-सशक्त समाज’ का नारा दिया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण समाज को मजबूत बनाने की कुंजी है। समारोह में 300 से अधिक महिलाओं का सम्मान किया गया। नवचेतना शक्ति संगम ने महिलाओं के लिए विभिन्न योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों की घोषणा की। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक स्थिति को मजबूत करना है। 300 से अधिक महिलाओं का सम्मान मुख्य वक्ता एसीबी के पुलिस महानिदेशक रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बाबा साहेब के समानता और शिक्षा के विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज महिला शक्ति को सर्वोपरि स्थान दिया जा रहा है। देश में बदलाव के दौर में भी अंबेडकर के विचार प्रासंगिक हैं। मानसी सांखला ने कहा कि बाबा साहेब के संविधान में महिलाओं को समानता का अधिकार दिया गया है। उनका लक्ष्य है कि हर महिला न केवल शिक्षित हो, बल्कि आत्मनिर्भर बनकर समाज में समानता की मिसाल बने। यह आयोजन बाबा साहेब को श्रद्धांजलि के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ। महिलाएं अपने आप में एक किताब महिलाएं अपने आप में एक किताब है और एक मोटिवेशनल है। महिलाओं की बातों को पुरुष कभी नहीं समझ पाता है।महिलाओं को घर के पुरुषों से क्या आशाएं हैं और क्या उम्मीद रखती हैं। लेकिन आज हम भले ही कितने भी व्यस्त हो, महिलाओं के मन की बात जाननी चाहिए। बाबा साहेब के बनाए संविधान के आधार पर ही महिलाओं को चाइल्ड केयर लीव और मैटरनेटिव लीव जैसी सुविधा दी जा रही है। शिक्षा के मामले में आज लड़कियां लड़कों से आगे जा रही हैं। आज महिलाओं को आर्थिक रूप से सुदृढ़ होने की आवश्यकता है। किसी भी परीक्षा में महिलाएं और लड़कियां टॉपर रहती हैं। आज पुरुषों को महिलाओं से सीखने की आवश्यकता है, महिलाएं सभी कामों में आगे है। इस अवसर पर कार्यक्रम में जयपुर नगर निगम हेरिटेज महापौर कुसुम यादव, पूर्व विधायक वेद प्रकाश सोलंकी, आईएएस उर्मिला राजौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कई समाजसेवी उपस्थित रहे।


