रेवदर में अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव:जिला प्रमुख और पूर्व विधायक की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने जलाए दीप, दी श्रद्धांजलि

रेवदर कस्बे में डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर भाजपा रेवदर मंडल की ओर से दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया। मंडल के सभी कार्यकर्ताओं ने श्रद्धापूर्वक दीप जलाकर बाबासाहब को याद किया और उनके आदर्शों को नमन किया। मंडल महामंत्री दशरथ सोनी ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन पंचायत समिति कॉम्प्लेक्स में जिला प्रमुख अर्जुन पुरोहित और पूर्व विधायक जगसीराम कोली की मौजूदगी में आयोजित हुआ। भाजपा एससी मोर्चा प्रदेश मंत्री प्रकाश मेघवाल ने कहा कि अम्बेडकर का जीवन और आदर्श समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने सामाजिक न्याय, समानता और बंधुत्व के लिए बाबासाहेब के संघर्ष को याद किया और उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया। जिला प्रमुख ने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने अपना पूरा जीवन सामाजिक न्याय और समानता के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने भारतीय संविधान के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और समाज के वंचित वर्गों को सशक्त बनाने के लिए अथक प्रयास किए। पूर्व विधायक जगसीराम कोली ने बताया कि डॉ. अंबेडकर एक महान समाज सुधारक और दूरदर्शी नेता थे। उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलकर ही एक मजबूत और समावेशी राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह वह हथियार है, जिससे हर व्यक्ति अपना और समाज का विकास कर सकता है। कार्यक्रम संयोजक अमराराम मेघवाल ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने बाबासाहब के सपनों का भारत बनाने के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लिया। इस दौरान कार्यक्रम सह संयोजक रमेश कोली रानाडी, तरूण अग्रवाल, जिला मंत्री जगसीराम कोली, पूर्व जिला प्रमुख अनिता बाकोलिया, मंडल उपाध्यक्ष मालाराम चौधरी, धनराज पुरोहित, भीमाराम लोहार, अनिल अग्रवाल, सहकारी समिति अध्यक्ष हरि सिंह देवड़ा, अजयपाल सिंह राव, आला राम देवासी, गोदाराम चौधरी, चुन्नीलाल घांची, ईश्वर घांची, निर्मल कोली, सुमन कोली मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *