अमृतसर| ईएमसी क्रैडल और इनर व्हील क्लब ने मिलकर सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ जागरूकता और वैक्सीनेशन अभियान शुरू किया। इस अभियान की शुरुआत एसएल भवन, इस्लामाबाद में विशेष शिविर लगाकर की गई। शिविर में छात्राओं, युवतियों और महिलाओं ने भाग लिया। उन्होंने टीका लगवाकर समाज को जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. मोनिका महेश्वरी रहीं। वे ईएमसी क्रैडल की सीनियर गायनेकोलॉजिस्ट और ऑब्स्टेट्रिक्स कंसल्टेंट हैं। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर का मुख्य कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस है। यह संक्रमण के रूप में शरीर में प्रवेश करता है। किशोर अवस्था में टीकाकरण करवाकर इससे बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि समय पर जानकारी और टीका ही सबसे बड़ा बचाव है। डॉ. मोनिका ने छात्राओं से संवाद किया। उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने बताया कि भारत में हर साल हजारों महिलाएं इस बीमारी की चपेट में आती हैं। इसका कारण जानकारी की कमी और समय पर टीका न लगवाना है। ईएमसी हॉस्पिटल्स की डायरेक्टर समीक्षा अरोड़ा ने कहा कि ईएमसी क्रैडल केवल इलाज का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी निभाने वाला संस्थान है। शिविर में स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम ने टीकाकरण के साथ परामर्श सेवाएं भी दीं।


