फरीदकोट सिविल अस्पताल की सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट:DSP की स्वास्थ्य अधिकारियों से मुलाकात, डेरा बस्सी की घटना के बाद बढ़ाई चौकसी

पंजाब में डेरा बस्सी स्थित सिविल अस्पताल में दो पक्षों के बीच खूनी झड़प की घटना के बाद फरीदकोट जिला पुलिस भी सिविल अस्पतालों की सुरक्षा को लेकर हरकत में आई। रविवार देर शाम एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के निर्देशानुसार डीएसपी हेडक्वार्टर शमशेर सिंह शेरगिल के नेतृत्व में पुलिस ने फरीदकोट के सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। डीएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सिविल सर्जन डॉ. चंद्रशेखर कक्कड समेत अन्य स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ मुलाकात की। इस अवसर पर डीएसपी शमशेर सिंह शेरगिल ने स्वास्थ्य विभाग को किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की आवश्यकता पड़ने पर तुरंत संपर्क करने का आग्रह किया। इसके अलावा उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस की पीसीआर पार्टियां भी सिविल अस्पताल के एरिया में लगातार गश्त करती रहेंगी और जरूरत होने पर सुरक्षा के लिए स्थायी तौर पर कर्मचारी भी तैनात किए जाएंगे। सिविल अस्पताल में दो पक्षों के बीच खूनी झड़प गौरतलब है कि दो दिन पहले डेराबस्सी के सिविल अस्पताल में दो पक्षों के बीच खूनी झड़प हो गई थी। इस घटना के बाद राज्य भर के सिविल अस्पतालों में कार्यरत स्वास्थ्य कर्मियों में भय और दहशत का माहौल देखा गया। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने सिविल अस्पतालों में मेडिकल कर्मचारियों और डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए हैं। सीसीटीवी का दायरा भी बढ़ाया जाएगा इस मामले में सिविल सर्जन डॉ. चंद्रशेखर कक्कड़ ने कहा कि उन्होंने पुलिस को स्वास्थ्य कर्मचारियों और अधिकारियों की समस्याओं से अवगत करा दिया है और पुलिस ने उनकी सुरक्षा का भरोसा दिलाया है। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग भी सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल में सीसीटीवी का दायरा भी बढ़ा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था की है समीक्षा इस अवसर पर डीएसपी शमशेर सिंह शेरगिल ने कहा कि फरीदकोट जिले में सुरक्षा को लेकर पुलिस समय-समय पर उचित कदम उठाती रहती है और इसी कड़ी के तहत सिविल अस्पतालों में कार्यरत डाक्टरों व मेडिकल स्टाफ की सुरक्षा को लेकर भी पुलिस पूरी तरह से तैयार है और उन्होंने अस्पताल पहुंचकर अधिकारियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *