जैसलमेर जिले भर में गर्मी परवान पर है। दिन में तेज धूप व भीषण गर्मी ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। रविवार को पारा फिर से 42 डिग्री के पार पहुंच गया। आगामी दिन इससे भी मुश्किल भरे हो सकते है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिन हीटवेव का यलो अलर्ट है। वहीं 17 अप्रैल से हीटवेव का प्रभाव तेज होने की चेतावनी है। जिससे पारा 46 डिग्री के भी पार जाने की आशंका है। तेज धूप ने किया परेशान गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी से मामूली राहत के बाद रविवार को फिर से गर्मी के तीखे तेवर देखने को मिले। सुबह से ही तेज धूप खिली रही। दिनभर तेज तल्ख धूप ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए। दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। वहीं लोग गर्मी से बचने के लिए घरों में दुबके रहे। रविवार को दिन के पारे में 2.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। वहीं रात के पारे में 1 डिग्री की गिरावट हुई। अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री व न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री दर्ज किया गया। दिन व रात के पारे में 18 डिग्री का अंतर रहा। आज से हीटवेव चलेगी, तापमान बढ़ेगा मौसम वैज्ञानिकों ने पश्चिमी जिले में हीटवेव की चेतावनी दी है। कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि 14 से 16 अप्रैल तक हीटवेव का येलो अलर्ट है। उसके बाद 17 अप्रैल को तीव्र हीटवेव के साथ मेघगर्जना, वज्रपात, आंधी व 30 से 50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार तेज हवाएं चलने की संभावना है। हीटवेव चलने से गर्मी का असर और भी तेज हो जाएगा। गर्म हवाएं झुलसाएगी, पारा पहुंचेगा 46 डिग्री पार सोमवार से हीटवेव का दौर फिर से शुरू होगा। इससे पहले 6 अप्रैल से हीटवेव चली थी। जिससे पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया था। उसके बाद हीटवेव से राहत मिलने पर पारे में गिरावट हुई। अब सोमवार को फिर से हीटवेव चलेगी। पारा 42 डिग्री के पार पहुंच चुका है। अब आने वाले दिनों में पारा 46 डिग्री के भी पार जाने की संभावना है।


