बिलासपुर में मानसून आने से पहले ही अरपा और शिवनाथ नदी में अवैध उत्खनन बेखौफ चल रहा है। माफियाओं ने नदी किनारे और आसपास रेत भंडारण कर रहे हैं। ऐसे ही अवैध रेत भंडारण का वीडियो बनाकर लोगों ने कलेक्टर को भेजा, जिसके बाद छापेमारी कर 70 ट्रैक्टर रेत जब्त किया गया है। लोगों का कहना है कि अवैध उत्खनन का पूरा खेल खनिज और पुलिस की मिलीभगत से चल रहा है। जिले में अरपा और शिवनाथ नदी में बड़े पैमाने पर रेत का अवैध उत्खनन चल रहा है। शहर से लगे कोनी, सेंदरी, घुटकू और कोटा क्षेत्र में रेत माफिया सक्रिय हैं। इसी तरह मस्तूरी और पचपेड़ी क्षेत्र में धड़ल्ले से अवैध उत्खनन चल रहा है। रेत माफिया रात में नदी से रेत निकालकर आसपास के सुरक्षित ठिकानों में रेत डंप कर रहे हैं। लोगों ने अवैध रेत भंडारण का वीडियो बनाकर कलेक्टर अवनीश शरण से अवैध उत्खनन की शिकायत की, जिसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने राजस्व, खनिज और पुलिस विभाग को संयुक्त छापेमारी करने के निर्देश दिए। नदी में चारों तरफ चल रहा था अवैध उत्खनन
रविवार की सुबह राजस्व विभाग की टीम जब खनिज व पुलिस बल के साथ छापेमारी करने ग्राम घुटकू में अरपा नदी के पास पहुंची, तब नदी में चारों तरफ रेत उत्खनन चल रहा था। तखतपुर एसडीएम शिवकुमार कंवर के नेतृत्व में टीम ने अवैध उत्खनन कर रहे लोगों को पकड़ लिया। उनसे पूछताछ में पता चला कि ग्राम घुटकू निवासी कुलदीप लोनिया अवैध उत्खनन करा रहा है, जो अरपा नदी से अवैध रूप से रेत का खनन कर उसे सिंगारबाड़ी क्षेत्र में डंप करा रहा था। पूछताछ में कुलदीप ने रेत उत्खनन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। टीम ने मौके पर 70 ट्रैक्टर करीब 210 घन मीटर रेत जब्त कर पंचनामा तैयार किया है। जिसके बाद उसे कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को सौंपा गया है। बारिश में उत्खनन पर रोक, अभी से माफिया सक्रिय
बारिश के दिनों में अरपा नदी में उफान होने की वजह से रेत निकालना काफी जोखिम भरा होता है, वहीं शासन द्वारा 15 जून से मानसून सक्रिय होने की वजह से उत्खनन पर भी रोक लग जाती है। जून को नजदीक आता देख रेत माफिया अभी से अवैध उत्खनन कर रेत डंपिंग करने सक्रिय हो गए हैं। यही वजह है कि रेत उत्खनन कर भंडारण किया जा रहा है। ताकि, बरसात में रेत को अधिक कीमत में बेच सके। रेत डंपिंग का बड़ा खेल, बेखबर खनिज विभाग
रविवार को कलेक्टर के निर्देश पर राजस्व की टीम घुटकू क्षेत्र में रेत का अवैध उत्खनन और डंपिंग पर बड़ी कार्रवाई की है। इससे साफ है कि खनिज विभाग को रेत के अवैध उत्खनन व भंडारण की भनक तक नहीं लग रही है। अरपा नदी ही नहीं, शिवनाथ और खारंग नदी से भी भारी मात्रा में रेत निकालकर लखराम, पौंसरा, चोरहादेवरी, गढ़वट जैसे क्षेत्रों में खुलेआम डंप किया जा रहा है। उत्खनन का दस्तावेज ही नहीं
राजस्व अमले ने दबिश देकर रेत भंडारण स्थलों की जांच की तो पता चला कि खनन करने व भंडारण करने वालो के पास न तो कोई दस्तावेज है और न ही खनन या परिवहन की कोई वैध अनुमति है। रेत के अवैध उत्खनन व भंडारण जिस तरह से जिले में चल रहा है इससे हर साल शासन को करोड़ों रूपए राजस्व का नुकसान हो रहा है। बावजूद इसके अवैध उत्खनन व भंडारण रोकने खनिज विभाग के अधिकारी गंभीर नहीं हैं।


