भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर-भोगपुर हाईवे पर सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकल को टक्कर मार दी। एक्सीडेंट में बाइक के ऊपर से ट्रक गुजर गया और चालक का दाहिना हाथ बुरी तरह से डैमेज हो गया। घटना के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। इसकी सूचना तुरंत लोगों ने कंट्रोल रूम के जरिए सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम को दी, जिन्होंने पीछा करके ट्रक चालक को पकड़ लिया। मौके पर मौजूद एसएसएफ के इंचार्ज रणजीत सिंह ने घायल युवक रवि निवासी लडोई गांव भोगपुर को श्रीमन अस्पताल में दाखिल करवाया। घायल रवि के भाई सुरजन ने बताया कि रवि देसी दवाइयों का काम करता है और सुबह भोगपुर से जालंधर की तरफ किसी काम के लिए जा रहा था। डाक्टरों ने बताया है कि दाईं बाजू को ऑपरेशन के बाद भी ठीक नहीं किया जा सकता। इसलिए बाजू काटनी पड़ेगी। एसएसएफ के इंचार्ज ने बताया कि ट्रक चालक की पहचान अवतार सिंह पुत्र शीतल निवासी डोली के थाना आदमपुर के रूप में हुई है, जिसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मौके पर कांस्टेबल नीर मोहम्मद और लेडी कांस्टेबल निशा ने मोटरसाइकल को साइड पर करवाया।


