शुक्रवार तड़के एनकाउंटर के बाद कुरुक्षेत्र सीआईए स्टाफ ने काका राणा गैंग के 2 शूटर्स को दबोचा था। अब पुलिस इन दोनों के एक और साथी सुखविंद्र सिंह उर्फ बंटी, निवासी माजरी, झांसा को पकड़ा है। तीनों ने ही शाहाबाद में एक व्यापारी को रंगदारी देने के लिए धमकाने के मकसद से उसके घर फायरिंग की योजना बनाई थी। इससे पहले कि वे व्यापारी के घर फायरिंग कर पाते, सीआईए स्टाफ वन ने इनमें से 2 अभिजोत वासी किरमिच और सोनू वासी पटियाला, पंजाब को दबोच लिया। बाद में पता चला कि दोनों काका राणा गैंग से जुड़े हैं। सोमवार को सीआईए टीम ने दोनों से पूछताछ में मिले इनपुट के बाद सुखविंद्र को दबोचा। अभी इनके अन्य साथियों की धरपकड़ की जा रही है। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह के मुताबिक पूछताछ में पता चला कि सुखविंद्र, सोनू और अभिजोत ने ही शाहाबाद के एक व्यापारी के यहां दहशत के मकसद से फायरिंग की प्लानिंग बनाई। इसे लेकर काका राणा से इन्हें िनर्देश िमले थे। पुलिस के अनुसार, सैदूल 7 अप्रैल को जालंधर पहुंचा था। यहां उसने एक ई रिक्शा चालक से दोस्ती की। उसे कहा कि उसके पास पैसे खत्म हो गए हैं। वह ऑनलाइन एक परिचित से पैसा मंगवाना चाहता है, लेकिन उसके पास पेटीएम आदि नहीं है। इसके बाद रिक्शा चालक सुनील ने अपने मौसेरे भाई हैरी का नंबर दिया। जिसमें सैदूल ने काका राणा को पैसे डालने को कहा। सूत्रों के मुताबिक यूएसए में बैठे काका राणा ने अभिजोत को उक्त नंबर देकर उसमें 3500 रुपए डालने को कहा। काका के कहने पर अभिजोत ने पैसा ट्रांसफर किया। हालांकि तब उसे नहीं पता था कि सैदूल ग्रेनेड फेंकने गया है। न ही वह सैदूल से कभी मिला था। उसने अपने आका काका राणा के कहने पर पैसे डाले। बताया जाता है कि काका राणा की दोस्ती भानू प्रताप उर्फ भानू राणा से है। भानू भी अमेरिका में हैं। दोनों वहीं से अपना गैंग चला रहे हैं।


