भादरा कस्बे की गुड़ मंडी में स्थित दुकान में रात को छत के रास्ते घुसे चोरों ने नकदी पर हाथ साफ कर लिया। अज्ञात चोर दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरा और डीवीआर भी चोरी कर ले गए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति नजर आए। इस संबंध में दुकान मालिक की ओर से भादरा पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार विनय मित्तल (43) पुत्र ओमप्रकाश महाजन निवासी शान्ति निकेतन स्कूल के पास, संजय चौक, वार्ड 29, भादरा ने लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि उसकी दुकान वार्ड 22, गुड़ मंडी भादरा में है। गुरुवार रात करीब 9.38 बजे दुकान के पीछे स्थित गौरा देवी स्कूल की छत के ऊपर से तीन अज्ञात व्यक्ति उसकी दुकान की छत पर कूदे। इसके बाद दुकान में घुसकर करीब 70-75 हजार रुपए नकद एवं एक सैट सीसीटीवी कैमरा व डीवीआर चुराकर ले गए। शुक्रवार सुबह उसने दुकान खोली तो रुपए नहीं मिले। सीसीटीवी कैमरा व डीवीआर भी गायब मिली। इस पर उसने दूसरे कैमरे व आस-पड़ौस के सीसीटीवी कैमरे चैक किए तो उक्त घटना का पता चला। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश एसआई वीरचंद के सुपुर्द की है।


