पाली के सांसद सेवा केंद्र में मंगलवार दोपहर को सांसद पीपी चौधरी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस ली। जिसमें उन्होंने वक्फ़ संशोधन अधिनियम 2025 को लेकर कहा-यह वर्षों से उपेक्षित न्याय की पुकार का उत्तर है। उन्होंने कहा कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति में माहिर है और मुसलमानों को उलझन में डाल रही है। उन्होंने कहा कि जो लोग लूट-खसोट करने में लगे हुए थे, उन्हें इस कानून के माध्यम से बाहर किया जा रहा है। यह विधेयक गरीब मुसलमानों के हित में है। अब कलेक्टर को अधिकार होगा। गांव के गांव को वक्फ़ की जमीन बताकर कब्जे में लिया गया है, ऐसी हमारे पास कई लोगों की अर्जियां है। वक्फ संशोधन कानून लूट की लंका में कानून का डंका है। यह वक्फ सिस्टम के असमंजस, विरोधाभास, टकराव को दुरुस्त कर सुधार और सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त करेगा। वक्फ संशोधन कानून के विरोध में कुछ स्थानों पर हो रहे विरोध प्रदर्शनों पर चौधरी ने कहा कि वक्फ संशोधन पर संसद में तर्कों, तथ्यों की कंगाली से जूझ रहा विपक्ष अब सड़क पर अशोभनीय व्यवहार में जुटकर संवैधानिक सुधार पर सांप्रदायिक युद्ध कर रहा है।


