भोपाल के हमीदिया रोड (भारत टॉकीज से रॉयल मार्केट तक) के निर्माण की बेतरतीब प्लानिंग पर शनिवार को मंत्री विश्वास सारंग उखड़ गए। उन्होंने मौके पर ही पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर संजय मस्के की क्लास लगा दी। मंत्री ने चीफ इंजीनियर से पूछा कि बताओ कितने नाले हैं? अफसर ने जब गोल-मोल जवाब दिया तो मंत्री बोले- जब नाम नहीं मालूम है तो बहस क्यों कर रहे हो? मंत्री ने तत्काल काम करने के निर्देश दिए। गड्ढों से मुक्ति और जलभराव रोकने के लिए 4 किलोमीटर लंबी डामर रोड को सीमेंट-कंक्रीट में बदला जा रहा है। लेकिन पीडब्ल्यूडी के इस प्रोजेक्ट और प्लान पर ही मंत्री सारंग ने शनिवार को सवाल खड़े कर दिए। मंत्री सारंग महापौर समेत अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। जब नाले की बनावट देखी तो वे गुस्सा हो गए और मौके पर ही अफसरों की क्लास लगा दी। प्लानिंग और सर्वे की जानकारी नहीं दे सके अधिकारी
निरीक्षण के दौरान पीडब्ल्यूडी के चीफ इंजीनियर मस्के समेत नगर निगम, मेट्रो, जिला प्रशासन और पुलिस अफसर भी मौजूद थे। मस्के समेत पीडब्ल्यूडी के अन्य अधिकारियों से जब मंत्री सारंग ने प्लानिंग और सर्वे की जानकारी मांगी तो वे जवाब नहीं दे सके। इस पर फटकार लगाते हुए मंत्री ने कहा कि बिना सर्वे और प्लानिंग के निर्माण शुरू किया गया है। पातरा नाले में चेनलाइजेशन के लिए निगम से एनओसी भी नहीं ली गई है। नाली निर्माण से पुल पातरा नाले पर दबाव बढ़ेगा और फिर शहर में बाढ़ के हालात पैदा हो जाएंगे। मंत्री बोले- ‘आप भोपाल में बाढ़ लाना चाहते हो’
सारंग ने कहा कि भोपाल शहर में बाढ़ की स्थिति बन जाएगी। जिससे 10 लाख से अधिक लोग प्रभावित हो जाएंगे। ठेकेदार-अफसरों की तरफ देखते हुए मंत्री बोले कि आप भोपाल के नहीं हो। आप शहर में बाढ़ लाना चाहते हो, लेकिन मैं बाढ़ नहीं आने दूंगा। सर्वे और प्लानिंग के हिसाब से काम हो- मंत्री सारंग
मंत्री सारंग ने बताया, सड़क निर्माण से पहले सर्वे होना था कि कहां से पानी आएगा और किस नाले में जाएगा। कहां पर जलभराव की स्थिति बनेगी। सड़क निर्माण में लापरवाही की जानकारी मिली थी। इसलिए आज पीडब्ल्यूडी, ट्रैफिक, राजस्व और निगम अमले के साथ मौके पर पहुंचे थे। कुछ नाले-नालियों के चैनलाइजेशन को लेकर दिक्कत है। कलेक्टर से कहा है कि सभी विभागों को एक साथ बैठाएं। सभी के समन्वय से काम हो। यदि एक ही नाले में पानी जाएगा तो भोपाल शहर में बाढ़ की स्थिति बनेगी। काम तत्काल रोकने को कहा है। सर्वे और प्लानिंग करने के बाद ही काम शुरू करने को कहा है। 42 करोड़ रुपए से बन रही है सड़क
जानकारी के अनुसार, पीडब्ल्यूडी रॉयल मार्केट से भोपाल टॉकीज तक 4 किमी सड़क को कुल 42 करोड़ रुपए से सीमेंट-कंक्रीट में बदला जा रहा है। यह सड़क हमीदिया रोड यानी, भारत टॉकीज से भोपाल टॉकीज होते हुए रॉयल मार्केट तक निकलेगी। बैरसिया रोड, शाहजहानाबाद और तलैया का भी कुछ हिस्सा प्रोजेक्ट में शामिल है।


