सीओ सिटी के नेतृत्व में गठित टीम ने नाबालिग के अपहरण व गैंगरेप के मामले में करीब दो साल से फरार चल रहे वांछित अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वांछित आरोपी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। इस प्रकरण में पुलिस पूर्व में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भिजवा चुकी है। सीओ सिटी मीनाक्षी ने बताया कि 1 अक्टूबर 2022 को परिवादी ने टाउन पुलिस थाना में उपस्थित होकर बताया कि 30 सितम्बर 2022 को उसकी नाबालिग बेटी स्कूल गई थी जो वापस लौटकर नहीं आई। तलाश के बावजूद नाबालिग का कोई पता नहीं चल सका है। मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान हैड कॉन्स्टेबल अमर सिंह की ओर से शुरू किया गया। बालिका की तलाश प्रारंभ की गई। अनुसंधान अधिकारी ने मानवीय एवं तकनीकी आसूचना संकलन कर बालिका को दस्तयाब कर अनुसंधान किया तो बालिका के साथ सामूहिक रेप की घटना होनी पाई गई। इस पर अग्रिम अनुसंधान तत्कालीन वृताधिकारी वृत हनुमानगढ़ की ओर से शुरू किया गया।मामले में राजेश, इंद्रपाल व प्रेम कुमार को पूर्व में गिरफ्तार कर अनुसंधान के बाद न्यायालय में पेश करवाया। सीओ मीनाक्षी के अनुसार प्रकरण में अन्य वांछित आरोपी रमेश कुमार पुत्र बनवारी लाल नायक निवासी वार्ड 9, मटोरियांवाली ढाणी पीएस टाउन प्रकरण दर्ज होने के बाद अपनी गिरफ्तारी के भय से फरार हो गया। पुलिस अधीक्षक अरशद अली की ओर से घटना की गंभीरता को देखते हुए शेष रहे आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जनेश तंवर के निकटतम सुपरविजन में गठित टीम ने मानवीय आसूचना संकलन कर फरार एवं वांछित आरोपी रमेश कुमार को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। उसे अनुसंधान के बाद न्यायालय में पेश किया जाएगा। आरोपी रमेश कुमार की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वृताधिकारी मीनाक्षी, वृत कार्यालय के कॉन्स्टेबल सुभाष व रावतसर पुलिस थाना के कॉन्स्टेबल कालूराम शामिल रहे। इस कार्रवाई में रावतसर पुलिस थाना के कॉन्स्टेबल कालूराम की विशेष भूमिका रही।


