हबीबगंज इलाके में रहने वाले क्राइम ब्रांच के टीआई अशोक मरावी के घर चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को बांदा (यूपी) से गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ बांदा में हत्या-चोरी सहित 6 केस दर्ज हैं। वारंट में फरार चल रहा था, फरारी के दौरान चोरी के इरादे से पहले इंदौर आया। दो दिन वहां रहा, नाकाम होने के बाद भोपाल आया। यहां दो दिन अलग-अलग रैन बसेरे और लॉज में रहने के साथ ही रैकी करता रहा। टीआई मरावी का घर उसे सुनसान दिखा। जहां उसने डेढ़ लाख रुपए नकद और एक लाख की ज्वेलरी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने चोरी गया पूरा माल रिकवर कर लिया है। अन्य वारदातों के संबंध में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। टीआई अजय कुमार सोनी ने बताया- आरोपी का नाम राजेश वाजपाई (52) है। वह बांदा उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश में कई अपराध दर्ज हैं। राजेश को जमीन विवाद के बाद रिश्तेदार की हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा भी हो चुकी है। आरोपी से 1.50 लाख कैश और सोना चांदी के जेवरात बरामद कर लिया है। सोना चांदी की कीमत 1 लाख रुपए है। रैन बसेरों में बिताता था रात पूछताछ में उसने बताया कि वह वारदात के दो दिन पहले ही इंदौर से भोपाल आया। दो रातें उसने रैन बसेरों में बिताई हैं। इंदौर में रहने के दौरान कई घरों को निशाना बनाया लेकिन उसमें वह कामयाब नहीं हो सका था। शिवाजी नगर स्थित क्राइम ब्रांच टीआई अशोक मरावी के घर सुने पन का फायदा उठाकर घुस गया था। आरोपी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पकड़ा गया। आरोपी आसान टारगेट की तलाश में था, क्यों उसके पैर में पहले ही रॉड डली है। ज्यादा ऊंची दीवार चढ़ने और कूदने में उसे समस्या होती।


