आगर मालवा जिला पुलिस लाइन में 21 दिसंबर को विश्व ध्यान दिवस के मौके पर विशेष ध्यान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ध्यान का अभ्यास कराया गया। एसपी विनोद कुमार सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने 21 दिसंबर को आधिकारिक रूप से विश्व ध्यान दिवस घोषित किया है। इस दिन का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर ध्यान के महत्व को बढ़ावा देना और मानसिक स्वास्थ्य और शांति के प्रति जागरूकता फैलाना है। यह दिन ध्यान को जीवन में अपनाने, तनाव मुक्त जीवन जीने और आंतरिक शांति प्राप्त करने की प्रेरणा देता है। यहां 30 मिनट का ध्यान सत्र आयोजित किया गया जिसमें ध्यान की तकनीकों और इसके प्रभाव पर प्रकाश डालते हुए विशेषज्ञ रजनीश स्वर्णकार ने बताया कि ध्यान एक ऐसा साधन है, जो व्यक्ति को आंतरिक शक्ति और मानसिक शांति प्रदान करता है।


