जैतसर में मुख्य बाजार और सरूपसर सड़क से हटाया अतिक्रमण:दुकानदारों ने किया कार्रवाई का विरोध; गांधी चौक पर प्रदर्शन कर जाम लगा दिया

श्रीगंगानगर के जैतसर में उपखंड प्रशासन ने आज पुलिस स्टाफ को साथ लेकर सरूपसर सड़क व मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए गांधी चौक पर जाम लगा दिया। जानकारी के अनुसार श्रीविजयनगर एसडीएम शंकुतला चौधरी दोपहर को जैतसर पहुंची। इस दौरान उन्होंने पुलिस व उपतहसील प्रशासन को साथ लेकर सरूपसर सड़क मार्ग व मुख्य बाजार में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान प्रशासन ने सड़क मार्ग पर सामान रखने वाले दुकानदारों का सामान जब्त कर लिया। वहीं प्रशासन ने दुकानदारों को हिदायत दी कि सड़क मार्ग पर अतिक्रमण बर्दास्त नहीं किया जाएगा। जिसके बाद एसडीएम नई धान मंडी में गेहूं खरीद का जायजा लेने के लिए कृषि उपज मंडी समिति में पहुंच गई। वहीं प्रशासन की कार्रवाई से बौखलाए दुकानदार गांधी चौक पर इक्कठे हो गए। इस दौरान गांधी चौक पर दुकानदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। दुकानदारों ने प्रशासन पर अतिक्रमण हटाने के नाम पर परेशान करने का आरोप लगाया। गांधी चौक पर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। देखते ही देखते दुकानदारों की भीड़ गांधी चौक पर पहुंच गई। दुकानदारों ने प्रशासन की कार्रवाई को जायज नहीं बताते हुए जैतसर 5 जीबी सड़क मार्ग को अवरूद्ध कर दिया। दुकानदारों द्वारा सड़क मार्ग अवरूद्ध करने की सूचना मिलते ही तहसीलदार तेजपाल पारीक, गिरदावर तैन सिंह, हल्का पटवारी देवेंद्र शर्मा, हंसराज व पुलिस थाना से एएसआई व कॉन्स्टेबल मौके पर पहुंचे। प्रशासन द्वारा दुकानदारों से समझाइश का प्रयास कर सड़क मार्ग से अवरोध हटाने की मांग की गई। जिस पर दुकानदार ठोस आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त करने व मार्ग से अवरोधक हटाने की बात कहते रहें। वहीं प्रशासन ने मौके पर ही गणमान्य नागरिकों व दुकानदारों से दूसरे दौर की बातचीत की तो वार्ता में सहमति बन गई। इस दौरान वार्ता में गांधी चौक पर दो होमगार्ड लगाने की मांग पर प्रशासन ने सहमति दी। वहीं मुख्य बाजार में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग व ग्राम पंचायत द्वारा चिह्नित स्थानों पर ही दुकानों का सामान रखने की सहमति पर दुकानदारों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया व सड़क मार्ग से जाम हटा लिया। इनपुट – डीडी पारीक

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *