बारां की कृषि उपज मंडी में गेहूं की बंपर आवक से व्यवस्था चरमरा गई है। बुधवार को मंडी में 4 लाख से अधिक कट्टे गेहूं पहुंचे। इतनी बड़ी मात्रा में आवक से एक दिन में 52 करोड़ रुपए का कारोबार हुआ। मंडी में जगह की कमी से कवर्ड शेड से लेकर सड़कों तक गेहूं के ढेर लग गए। माल उठाव की समस्या के कारण मंडी प्रशासन ने गुरुवार को मंडी को बंद रखने का निर्णय लिया है। मंडी क वर्ग व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष लश्करी के अनुसार शुक्रवार को गेहूं को छोड़कर अन्य फसलों की नीलामी होगी। किसानों की ट्रॉलियों को सुबह 6 से 11 बजे तक ही मंडी में प्रवेश की अनुमति होगी। शनिवार 19 अप्रैल को मंदिर के डोरा के कारण हम्माल और मजदूर अवकाश पर रहेंगे। इस दिन मंडी में सभी कृषि उपजों की नीलामी बंद रहेगी। सीजन के बीच लगातार मंडी बंद होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


